'साथ जिए, साथ काम किया और मौत भी एक साथ आई', रामपुर में हुए हादसे में सीतापुर के चार दोस्तों की हुई मौत
रामपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सीतापुर के बिसवां निवासी चार दोस्तों की मौत हो गई। वे लकड़ी के कारोबार से जुड़े थे और मुरादाबाद से लौटते समय उनकी तेज रफ्तार एसयूवी ओवरब्रिज से नीचे गिर गई।
-1795492193385_m.webp)
HighLights
रामपुर में सड़क हादसे में चार दोस्तों की मौत।
सीतापुर के बिसवां निवासी थे सभी लकड़ी व्यापारी।
तेज रफ्तार एसयूवी ओवरब्रिज से नीचे गिरी।
संवाद सूत्र, सीतापुर। बिसवां के शेख सराय कटरा, झज्जर, बस स्टैंड मुहल्ले में चार युवकों की मौत की सूचना रात दस बजे पहुंची तो सब तरफ चीख पुकार मच गई। परिवारजन बदहवास थे पड़ोसी सभी को ढांढस बंधा रहे थे।
शेख सराय कटरा के सुनील पोरवाल पुत्र राजू लकड़ी व्यापारी हैं। वह 21 नवंबर की सुबह अपने दोस्त बस स्टैंड बिसवां के अभिषेक शुक्ल पुत्र धीरज शुक्ल, झज्जर के निलेश मिश्र पुत्र प्रमोद मिश्र व रामजीवन पुत्र श्री राम यादव के साथ कार से मुरादाबाद गए थे। चारों दोस्त थे और लकड़ी का कारोबार करते थे। सभी सोमवार की शाम को बिसवां के लिए निकले थे।
रामपुर में हाईवे पर तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज से नीचे गिर गई। हादसे में चारों की मौत हो गई है। निलेश के पिता प्रमोद मिश्र ने बताया दिन में बेटे का फोन आया था कि रात तक सभी घर पहुंच जाएंगे। पुलिस से सूचना मिली, रामपुर में दुर्घटना हो गई है, तो वह जा रहे हैं। अन्य युवकों के परिवारजन भी रामपुर के लिए रवाना हो चुके थे।
चारों मिलकर करते थे काम
चारों दोस्त मिलकर लकड़ी का काम करते थे। सभी को अक्सर साथ में देखा जाता था। यह संयोग है कि हादसे में एक साथ चारों की जान चली गई।
निलेश के रिश्ते की चल रही थी बात
निलेश के पिता प्रमोद मिश्र बिसवां तहसील में अधिवक्ता हैं। निलेश का भी विवाह भी नहीं हुआ था। बताया जाता है उसके विवाह की बातचीत चल रही थी। प्रमोद को किसी ने बताया नहीं था कि निलेश की मौत हो चुकी है। उन्हें यह बताया गया कि वह घायल है।
बिसवां कोतवाली प्रभारी राम राघव सिंह ने बताया कि कस्बा निवासी चार युवकों की रामपुर में हादसे में मौत हो गई है। चारों लकड़ी के व्यवसाय से जुड़े थे और आपस में दोस्त थे।
यह भी पढ़ें- सीतापुर की क्रांतिकारी कलम: अवधी के विद्वान कवि श्रीकांत शर्मा 'कान्ह', कविताओं से जगाई आजादी की अलख
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।