सीतापुर की क्रांतिकारी कलम: अवधी के विद्वान कवि श्रीकांत शर्मा 'कान्ह', कविताओं से जगाई आजादी की अलख
श्रीकांत शर्मा 'कान्ह' बिसवां, सीतापुर के एक प्रख्यात कवि और स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने अपनी क्रांतिकारी कविताओं से आजादी की अलख जगाई।

सीतापुर के एक प्रख्यात कवि और स्वतंत्रता सेनानी श्रीकांत शर्मा 'कान्ह'। जागरण
HighLights
क्रांतिकारी कवि कान्ह ने कविताओं से जगाई देशभक्ति की भावना।
हिंदी, उर्दू, अवधी सहित कई भाषाओं के थे विद्वान।
स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भागीदारी कर आंदोलन को दी धार।
विवेक अवस्थी, बिसवां देहात (सीतापुर)। ‘आओ अत्याचारी अंग्रेजों को दूर भगाएं, त्याग गुलामी के चोलों को आजादी अपनाएं...। पराधीनता की जंजीरें तोड़ें, देकर अपने प्राण।’ ये महज कविता की पंक्तियां नहीं थीं, बल्कि गुलामी की बेड़ियों में जकड़े देश को आजाद कराने का आह्वान थीं।
तराई के द्वार कहे जाने वाले बिसवां की गलियों में जब ये क्रांतिकारी तराने गूंजते थे तो युवाओं की रगों में देशभक्ति का जज्बा हिलोरें लेने लगता था। इन शब्दों को स्वर और संकल्प देने वाले थे तराई के प्रख्यात कवि एवं साहित्यकार श्रीकांत शर्मा ‘कान्ह’। उनकी लेखनी अंग्रेजी हुकूमत को खटकती थी तो आजादी के दीवानों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती थी।
सकरन ब्लॉक के रेवान गांव में 21 नवंबर 1911 को जन्मे कान्ह हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, फारसी और अवधी के विद्वान थे। हिंदी के साथ उर्दू शायरी में भी उनकी समान पकड़ थी। कविता उनके लिए केवल साहित्य सृजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और राष्ट्रप्रेम जगाने का अस्त्र थी।
स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उन्होंने अपनी रचनाओं और क्रांतिकारी तरानों से क्षेत्र में आजादी की चेतना जगाई। राष्ट्रवादी कवि बंशीधर शुक्ल, सूर्य प्रसाद पांडेय और पूर्व सांसद जगन्नाथ प्रसाद अग्रवाल ‘जगन बाबू’ के साथ स्वाधीनता संघर्ष में सक्रिय भागीदारी की। भूमिगत रहकर भी आंदोलन को धार देते रहे। 98 वर्ष की आयु में 15 अगस्त 2009 को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके पुत्र पद्मकांत शर्मा ‘प्रभात’ ने भी साहित्य जगत में अपनी पहचान बनाई।
बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे कान्ह
कान्ह बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। अवधी कविता की उनकी पुस्तक ‘द्याखौ तौ’ काफी चर्चित हुई। उनके छंदों में लोकजीवन की सहजता, व्यंग्य की धार और भाषा का अनूठा चुटीलापन दिखाई देता है। सवैया और घनाक्षरी छंदों पर उनका विशेष अधिकार था। घुड़सवारी, पहलवानी और तैराकी के शौकीन कान्ह संगीत में भी पारंगत थे। हारमोनियम के विशेषज्ञ होने के साथ संगीत शिक्षक भी रहे। स्वतंत्रता के बाद उन्होंने नगरपालिका बिसवां में लंबे समय तक लिपिक के पद पर कार्य किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।