विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली पर सीतापुर में सुचारू रूप से रहेगी यातायात व्यवस्था, तीन स्थानों पर बनेगी पार्किंग

Published: Wed, 04 Nov 2026 09:32 AM (IST)

सीतापुर नगर पालिका ने दीपावली पर बाजारों में भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए नई व्यवस्था की है।

तस्वीर- फाइल।

तस्वीर- फाइल।

HighLights

  1. दीपावली पर सीतापुर में यातायात व्यवस्था सुचारू करने की तैयारी।

  2. तीन स्थानों पर मुफ्त पार्किंग और आठ ई-रिक्शा चलेंगे।

  3. यह व्यवस्था 4 से 8 नवंबर तक लागू रहेगी।

जागरण संवाददाता, सीतापुर। दीपावली पर्व पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए नगर पालिका परिषद ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने की तैयारी की है।

इसके लिए तीन स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, नागरिकों की सुविधा के लिए अटल चौक लालबाग चौराहे से आंख अस्पताल तिराहे तक आठ ई-रिक्शा निशुल्क संचालित किए जाएंगे। यह व्यवस्था चार से आठ नवंबर तक लागू रहेगी।

नगर पालिका परिषद कार्यालय में तीन नवंबर को पालिकाध्यक्ष नेहा अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

इसके तहत नगर पालिका परिषद कार्यालय परिसर, लालबाग के पीछे लकड़ी मंडी और एसपी कार्यालय के पीछे पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इन स्थानों पर चार से आठ नवंबर तक सुबह आठ बजे से रात 10 बजे तक निशशुल्क पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे बाजार आने वाले लोगों को अपने वाहन खड़े करने में सहूलियत मिलेगी और सड़कों पर जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा।

इसके अलावा अटल चौक लालबाग चौराहे से आंख अस्पताल तिराहे तक आठ ई-रिक्शा निशुल्क चलाए जाएंगे। ये ई-रिक्शा सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक संचालित होंगे। इससे बाजार आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

बैठक में स्थानीय दुकानदारों से भी सहयोग की अपील की गई। दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठान का कूड़ा एक बैग में एकत्र कर नगर पालिका की कूड़ा गाड़ी में ही डालने के निर्देश दिए गए, जिससे बाजार में गंदगी न फैले।

वहीं, भारी वाहनों की लोडिंग और अनलोडिंग के लिए राजा कालेज मैदान निर्धारित किया गया है। यहां रात 10 बजे से सुबह नौ बजे तक ही भारी वाहनों से माल की लोडिंग-अनलोडिंग की जा सकेगी। बैठक में अधिशासी अधिकारी, उपजिलाधिकारी (न्यायिक) सदर सीमा सिंह और पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें-  धनतेरस से बड़ी दिवाली तक... मुरादाबाद के बाजारों में ई-रिक्शा की नो एंट्री, पैदल खरीदारी करेंगे लोग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।