सीतापुर में कौवे के टकराने से हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट, जंपर उड़ने से लाखों घरों में बिजली गुल
सीतापुर में भवानीपुर उपकेंद्र को जाने वाली हाईटेंशन लाइन से कौवा टकराने से 15 मुहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

730 ग्रामीण गांवों में अभी भी बिजली बहाल नहीं हुई है।
HighLights
सीतापुर में कौवे के टकराने से हाईटेंशन लाइन में फाल्ट।
शहर के 15 मुहल्लों में तीन घंटे बिजली आपूर्ति ठप।
730 ग्रामीण गांवों में अभी भी बिजली बहाल नहीं हुई।
जागरण टीम, सीतापुर। बिजली व्यवस्था पर संकट लगातार बना है। रविवार को हाईवे पर भवानीपुर उपकेंद्र को जाने वाली हाईटेंशन लाइन से कौवा टकरा गया। इससे लाइन का जंपर उड़ गया और शहर के 15 मुहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अचानक बिजली गुल होने से करीब डेढ़ लाख की आबादी प्रभावित रही। करीब तीन घंटे तक लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा।
भवानीपुर उपकेंद्र जाने वाली लाइन से कौवा टकराने से सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक बिजली बाधित रही। उपकेंद्र बंद होने से कांशीराम कालोनी, इस्माइलपुर, सत्यमनगर, देवांश नगर, मुलायम सिंह नगर सहित 15 मुहल्लों की बिजली बाधित रही। जंपर ठीक करने के बाद आपूर्ति बहाल हो सही। कांशीराम के महेश ने बताया कि अचानक हाईटेंशन लाइन से कौवा टकराने से तेज धमाका हुआ और बिजली गुल हो गई।
धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग घबरा गए। देवांश नगर के कुलदीप ने बताया कि बिजली न होने से पेयजल की भी समस्या हुई। जानकारी पर बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू किया। फाल्ट ठीक होने के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। उधर, कमलापुर, बिसवां ग्रामीण, सकरन, मतुआ, रेउसा आदि स्थानों पर फाल्ट सही नहीं हो सकी। 730 गांवों की बिजली आपूर्ति अभी तक बहाल नहीं हो सकी है। बारिश और तेज हवा के बाद से प्रभावित ग्रामीण आपूर्ति बहाली का इंतजार कर रहे हैं।
पोस्टमॉर्टम हाउस से आपूर्ति चालू
दो दिन से पोस्टमार्टम हाउस की बिजली गुल थी। बिजली न होने से यहां पर स्वास्थ्य कर्मी मोबाइल की रोशनी से कार्य कर रहे थे। समस्या को लेकर दैनिक जागरण में समाचार भी प्रकाशित किया गया था। इसके बाद रविवार को आपूर्ति बहाल हो गई है। भवानीपुर ग्रामीण उपकेंद्र जाने वाली लाइन का खंभा नदी में गिर गया था, इससे समस्या उत्पन्न हो गई थी।
उपखंड अधिकारी-द्वितीय सत्येंद्र मौर्य ने बताया कि मुख्य लाइन का जंपर कट गया था, इससे आपूर्ति बाधित रही। पोस्टमार्टम हाउस की लाइन को चालू करा दिया गया है। नदी में खंभा गिर गया था, समस्या दूर करा दी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।