गोंडा में 9 दिन के भीतर तीसरी बार जली अंडरग्राउंड बिजली केबल, लाखों लोग हुए प्रभावित
गोंडा के मेहनौन उपकेंद्र में नौ दिन में तीसरी बार 33 केवी भूमिगत केबल दगने से एक लाख से अधिक उपभोक्ता प्रभावित हैं।

HighLights
नौ दिन में तीसरी बार 33 केवी केबल खराब।
मेहनौन उपकेंद्र से एक लाख उपभोक्ता प्रभावित।
जर्जर केबल में बार-बार फाल्ट से आक्रोश।
संवाद सूत्र, गोंडा। बिजली उपकेंद्र मेहनौन की बदहाल आपूर्ति व्यवस्था से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है। नौ दिन के भीतर तीसरी बार 33 हजार केवी की भूमिगत केबल दगने से बिजली आपूर्ति ठप है। जर्जर केबल में जगह-जगह जोड़ होने से बार-बार फाल्ट हो रहा है। इससे उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ रहा है। आरोप है कि केबल बदलने के बजाय विभाग बार-बार मरम्मत कर काम चला रहा है।
23 अक्टूबर को धानेपुर बस स्टॉप के पास खोदाई के दौरान जेसीबी से केबल तीन जगह कट गई थी। करीब 36 घंटे बाद आपूर्ति बहाल हुई थी। इसके बाद 28 अक्टूबर को नगर पंचायत धानेपुर के पूरब गली के सामने केबल दगने से बिजली गुल हो गई। करीब 49 घंटे बाद आपूर्ति शुरू हो सकी। अब 31 अक्टूबर की रात करीब एक बजे फिर केबल दग गई। इससे उपकेंद्र से जुड़े एक लाख से अधिक उपभोक्ता प्रभावित हैं।
उपभोक्ता सुनील तिवारी और राजन सिंह का कहना है कि केबल जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह जोड़ होने से आए दिन फाल्ट होता है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। अवर अभियंता अवनीश पांडेय ने बताया कि बहराइच से फाल्ट लोकेटर मशीन मंगाई जा रही है। मशीन से खराबी चिह्नित कर केबल ठीक कराने के बाद आपूर्ति बहाल की जाएगी।