11:49 पर लिया था शटडाउन, फिर भी दौड़ी बिजली... खंभे पर तार जोड़ रहे लाइनमैन की दर्दनाक मौत
संभल में शटडाउन के बावजूद बिजली आपूर्ति चालू होने से संविदा लाइनमैन रामपाल की करंट लगने से मौत हो गई। ...और पढ़ें

कैलादेवी बिजली घर पर पुलिस को जानकारी देते मृतक लाइनमैन के स्वजन। जागरण
HighLights
एसएसओ, जेई और एसडीओ पर जानबूझकर हत्या का आरोप
संवाद सूत्र, सौंधन (संभल)। शटडाउन लेने के बावजूद बिजली आपूर्ति चालू होने से शनिवार को संविदा लाइनमैन रामपाल की करंट लगने से मौत हो गई। घटना से आक्रोशित स्वजन शव लेकर कैला देवी बिजली उपकेंद्र पहुंच गए और हंगामा किया। इस दौरान वीडियो बनाने को लेकर पुलिस से भी नोकझोंक हुई।
कमालपुर खानूपुरा गांव निवासी रामपाल कैला देवी बिजली उपकेंद्र पर संविदा लाइनमैन के पद पर तैनात थे। शनिवार दोपहर वह साथी लाइनमैन संतोष के साथ चाचूनांगल गांव स्थित सरकारी नलकूप पर तार जोड़ने गया था।
संतोष के अनुसार उसने सुबह 11:49 बजे कान्फ्रेंस काल के माध्यम से एसएसओ राजेश सक्सेना से शटडाउन लिया था। इसके बावजूद बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई। खंभे पर तार जोड़ रहे रामपाल को करंट लग गया और वह नीचे गिर पड़ा।
हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित स्वजन शव लेकर कैला देवी बिजली उपकेंद्र पहुंच गए। वहां उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ हंगामा किया।
इसी दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा वीडियो बनाए जाने पर भीड़ और भड़क गई। स्वजन ने पुलिसकर्मियों पर महिलाओं के साथ गाली-गलौज और अभद्रता करने का भी आरोप लगाया।
मृतक के भतीजे सत्येंद्र ने एसएसओ राजेश सक्सेना, जेई मुकेश दुबे और एसडीओ अखिलेश के खिलाफ जानबूझकर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में एसएसओ पर पहले भी लापरवाही बरतने के आरोप लगने का जिक्र किया गया है।
आरोप है कि इससे पहले लाइनमैन मुनेश और खूब सिंह ने भी शटडाउन के बावजूद बिजली आपूर्ति चालू किए जाने की शिकायत अधिकारियों से की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सूचना पर तहसीलदार संभल धीरेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित स्वजन को समझाया।
पहले भी दो लाइनमैनों की जा चुकी जान
कैला देवी बिजली उपकेंद्र में शटडाउन के बावजूद बिजली आपूर्ति चालू होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी दो लाइनमैनों की जान जा चुकी है।
चंदन कटिंग मौजा निवासी रोदाश और बमनपुरी गांव निवासी अवधेश की मौत के बाद उनके स्वजन ने बिजली उपकेंद्र पर हंगामा किया था। इन मामलों में बिजली विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हुआ था।
जांच की जा रही है। संविदा लाइनमैन की मौत के लिए जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी। मृतक के स्वजन को दुर्घटना बीमा और संविदा कर्मचारियों को मिलने वाली बीमा राशि भी प्रदान की जाएगी।
- दिनेश कुमार, एक्सईएन, चंदौसी।
यह भी पढ़ें- संभल में बदला गरीबों का संबल: 70 हजार महिलाओं को रोजगार, 2.24 लाख को सिलेंडर; फिर भी संघर्ष जारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।