सीतापुर के बिसवां में वक्फ की जमीन पर विवाद, आम लोगों की शिकायत के बाद नगरपालिका ने रोका काम
बिसवां के शंकरगंज मुहल्ले में रेलवे स्टेशन के सामने वक्फ कब्रिस्तान की भूमि पर नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे ...और पढ़ें

शिकायतकर्ताओं ने भूमि के धार्मिक उपयोग का हवाला देते हुए निर्माण पर रोक लगाने और जांच की मांग की थी।
HighLights
वक्फ कब्रिस्तान भूमि पर नगर पालिका निर्माण रोक दिया गया।
स्थानीय लोगों ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की।
धार्मिक उपयोग वाली भूमि पर अवैध निर्माण का आरोप लगाया।
संवाद सूत्र, बिसवां(सीतापुर)। मुहल्ला शंकरगंज में सोमवार को रेलवे स्टेशन के सामने स्थित वक्फ कब्रिस्तान की भूमि पर नगर पालिका की ओर से कराए जा रहे निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने उपजिलाधिकारी राहुल सिंह को प्रार्थना पत्र देकर निर्माण कार्य पर रोक लगाने और भूमि की स्थलीय जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, राजस्व अभिलेखों में वक्फ संख्या 231 के रूप में दर्ज इस भूमि का उपयोग वर्षों से मोहर्रम, चेहल्लुम और ताजियों को दफनाने सहित धार्मिक आयोजनों के लिए होता रहा है।
आरोप है कि बिना कानूनी अनुमति और स्थानीय लोगों की सहमति के नगर पालिका की ओर से यहां निर्माण कराया जा रहा था। इससे भूमि के मूल स्वरूप और धार्मिक उपयोग पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है। शिकायतकर्ता दाऊद सबाहती, मोहम्मद साबिर, शमीर अहमद, कमर आलम, सिकंदर, मो. इसान, प्रेम, आंचल लाल, परवेज, जाहिद, मुन्ना और सरताज अहमद आदि ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर भूमि सुरक्षित रखने की मांग की है।
बिसवां नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी नीलम चौधरी ने मामले में कहा कि शिकायत के बाद निर्माण रोकवा दिया गया है। लेखपाल को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे का कार्य कराया जाएगा।