अमेठी डीएम ने IAS पत्नी के साथ दिव्यांग बच्चों संग मनाई दीपावली, गिफ्ट पाकर खुश हुए बच्चे
डीएम शशांक चौधरी ने अपनी पत्नी आईएएस प्रेरणा सिंह के साथ अमेठी के जीवन पथ दिव्यांग विद्यालय में दृष्टिबाधित बच्चों संग दीपावली मनाई।

डीएम ने पत्नी के साथ दिव्यांग बच्चों संग मनाई दीपावली।
HighLights
डीएम शशांक चौधरी ने दिव्यांग बच्चों संग मनाई दीपावली।
बच्चों को उपहार, मिठाई बांटे, उनकी समस्याएं सुनीं।
बच्चों की संगीत प्रतिभा की सराहना कर उत्साह बढ़ाया।
जागरण संवाददाता, अमेठी। प्रकाश पर्व दीपावली क्षेत्र में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दीपावली पर्व पर खुशियां बांटने और जरूरतमंदों को मदद करने के लिए बड़ी संख्या में समाजसेवी और अधिकारी आगे आए।
वहीं डीएम शशांक चौधरी ने अपनी धर्मपत्नी आईएएस प्रेरणा सिंह के साथ फूला गांव स्थित जीवन पथ दिव्यांग विद्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र (ब्लाइंड सेक्शन) पहुंचकर दृष्टिबाधित बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।
उन्होंने दिव्यांग बच्चों को दीपावली के उपहार एवं मिष्ठान वितरित कर उन्हें प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। दो आईएएस अधिकारियों को अपने बीच पाकर दिव्यांग बच्चों ने खुशी जाहिर करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने दिव्यांग बच्चों के बीच खुशियां बांटी
विद्यालय पहुंचने पर डीएम शंशाक चौधरी एवं उनकी धर्मपत्नी आईएएस प्रेरणा सिंह अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने दीप प्रज्वलित कर मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की।

इसके उपरांत दोनों अधिकारियों ने बच्चों के बीच बैठकर उनसे आत्मीय संवाद किया और उनकी पढ़ाई-लिखाई, रहन-सहन, खानपान तथा दैनिक दिनचर्या के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
डीएम ने बच्चों से उनकी रुचियों, गतिविधियों और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी बातचीत की तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना।
इस दौरान बच्चों ने डीएम से विद्यालय के बगल में स्थित खेलकूद मैदान की व्यवस्थाओ को सही कराने, खेल सामग्री (किट) उपलब्ध कराने तथा झूले लगवाने की मांग रखी। डीएम ने बच्चों की मांगों को संवेदनशीलता से लेते हुए यथाशीघ्र आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का सबसे भावुक एवं आनंदमय क्षण उस समय देखने को मिला, जब जिलाधिकारी बच्चों के बीच बैठकर उनके द्वारा प्रस्तुत संगीत सुनने लगे। दृष्टिबाधित बच्चों ने अपनी मधुर आवाज और मनमोहक संगीत प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
डीएम ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि बच्चों की प्रतिभा एवं आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बच्चों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया।
यह भी पढ़ें- लखीसराय जिले में छठ पर 2 दिन नदियों में नहीं चलेंगी नावें, डीएम-एसपी का संयुक्त आदेश जारी