विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीसराय जिले में छठ पर 2 दिन नदियों में नहीं चलेंगी नावें, डीएम-एसपी का संयुक्त आदेश जारी

Published: Mon, 09 Nov 2026 03:12 PM (IST)

छठ महापर्व पर लखीसराय में 15 और 16 नवंबर को गंगा सहित सभी नदियों में नावों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। ...और पढ़ें

लखीसराय जिले में छठ पर 2 दिन नदियों में नहीं चलेंगी नावें, डीएम-एसपी का संयुक्त आदेश जारी (AI Generated Image)

लखीसराय जिले में छठ पर 2 दिन नदियों में नहीं चलेंगी नावें, डीएम-एसपी का संयुक्त आदेश जारी (AI Generated Image)

HighLights

  1. 15 और 16 नवंबर को नदियों में नावों का परिचालन प्रतिबंधित।

  2. छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु कदम।

  3. क्षमता से अधिक यात्रियों से दुर्घटना का खतरा, इसलिए प्रतिबंध।

जागरण संवाददाता, लखीसराय। छठ महापर्व पर नदियों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिले में 15 और 16 नवंबर को गंगा, हरुहर, किऊल सहित अन्य सभी नदियों में नावों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

इसको लेकर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने संयुक्त आदेश जारी किया है। आदेश का उल्लंघन कर नावों का परिचालन करने की अनुमति किसी को नहीं होगी।

जिला प्रशासन ने अपने आदेश में कहा है कि छठ महापर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में छठव्रती और उनके परिवार के सदस्य गंगा, हरुहर, किऊल सहित अन्य नदियों के किनारे अर्घ्य अर्पित करते हैं।

इस दौरान बड़ी संख्या में लोग नदी में नाव से आवागमन और भ्रमण भी करते हैं। कई लोग आतिशबाजी भी करते हैं। इससे छठव्रतियों को असुविधा होती है और विधि-व्यवस्था संधारण में भी कठिनाइयां आती हैं।

क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने से हादसे का खतरा

आदेश में नाविकों की मनमानी को भी दुर्घटना की एक बड़ी वजह बताया गया है। अक्सर अधिक किराया कमाने के उद्देश्य से नाविक क्षमता से अधिक लोगों को नाव पर बैठा लेते हैं।

इसके अलावा नाव का परिचालन अनियंत्रित गति से किया जाता है। ऐसी स्थिति में नदी में दुर्घटना होने की प्रबल आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए छठ महापर्व के दोनों प्रमुख दिनों में नाव परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है।

थानाध्यक्षों से लेकर परिवहन पदाधिकारी तक को जवाबदेही

जारी संयुक्त आदेश में जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल दंडाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारियों और थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में आदेश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक को भी अपने स्तर से सभी थानाध्यक्षों को आदेश का अनुपालन कराने का निर्देश देने को कहा गया है। आदेश की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन शाखा और आसपास के जिलों के जिलाधिकारियों को भी सूचनार्थ भेजी गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।