विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिद्धार्थनगर में 71.85 क्विंटल राशन गायब, कोटेदार पर मुकदमा

Published: Sat, 10 Oct 2026 09:28 AM (IST)

शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर में उचित दर विक्रेता रोजी परवीन की दुकान पर राशन वितरण में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच ...और पढ़ें

ई-पास मशीन पर अंगूठा लगवाकर राशन नहीं देने की शिकायत। सांकेतिक तस्वीर

ई-पास मशीन पर अंगूठा लगवाकर राशन नहीं देने की शिकायत। सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. शोहरतगढ़ में राशन वितरण में गंभीर अनियमितताएं मिलीं।

  2. जांच में 71.85 क्विंटल खाद्यान्न, 72 किलो चीनी कम।

  3. कोटेदार रोजी परवीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज।

जागरण संवाददाता, शोहरतगढ़, (सिद्धार्थनगर)। नगर पंचायत शोहरतगढ़ में शामिल गड़ाकुल गांव की उचित दर विक्रेता रोजी परवीन की दुकान पर राशन वितरण में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच में 71.85 क्विंटल खाद्यान्न और 72 किलोग्राम चीनी कम मिली है। जिलाधिकारी की अनुमति के बाद क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सतीश चंद की तहरीर पर शोहरतगढ़ थाना पुलिस ने कोटेदार के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तीन अक्टूबर को संपूर्ण समाधान दिवस में उमेश, चंदा, प्रकाश दास समेत 62 कार्डधारकों ने राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत की थी। शिकायतों की जांच के लिए बुधवार को नगर पंचायत के कम्युनिटी हाल में कार्डधारकों के बयान दर्ज किए गए। इसमें अंत्योदय के 49 और पात्र गृहस्थी के 127 कार्डधारक शामिल रहे। जांच के दौरान शिकायतों की पुष्टि होने पर कार्रवाई की संस्तुति की गई।

स्टाक सत्यापन में खुली अनियमितताओं की पोल
जांच रिपोर्ट के अनुसार, दुकान में 29.702 क्विंटल गेहूं और 44.148 क्विंटल चावल उपलब्ध होना चाहिए था, लेकिन मौके पर दोनों की मात्र एक-एक क्विंटल मात्रा ही मिली। इसके अलावा 0.72 क्विंटल चीनी भी कम पाई गई। इस तरह कुल 71.85 क्विंटल खाद्यान्न और 72 किलोग्राम चीनी की कमी सामने आई।

अंगूठा लगवाने के बाद राशन नहीं देने का आरोप
कार्डधारकों ने निर्धारित मात्रा से कम राशन देने, चीनी अधिक कीमत पर बेचने और अभद्र व्यवहार करने की शिकायत की। आरोप है कि ई-पास मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद भी कई कार्डधारकों को राशन नहीं दिया गया।

यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में बिना OPD पर्ची के ही बन गया फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र, दिल्ली पुलिस ने किया खुलासा

जांच रिपोर्ट में इन अनियमितताओं को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई का आधार बनाया गया है। प्रभारी निरीक्षक शेषमणि पांडेय ने बताया कि क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी की तहरीर पर कोटेदार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में तैरने की बाजी में गई युवक की जान, परिवार में मचा कोहराम