सिद्धार्थनगर में संपत्ति विवाद के चलते वृद्ध की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप
सिद्धार्थनगर के बनकटा गांव में संपत्ति विवाद के चलते एक 90 वर्षीय वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
90 वर्षीय वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु।
बड़े बेटे ने संपत्ति विवाद में हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।
संवाद सूत्र, बढ़या। संपत्ति विवाद के बीच करीब 90 वर्षीय वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के बनकटा गांव में बुधवार सुबह हुई घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। बड़े बेटे ने छोटे भाई की पत्नी पर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि छोटे बेटे और वृद्ध की पत्नी ने मौत को स्वाभाविक बताया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी सुबंश साहनी पुत्र सक्ठू बुधवार सुबह उठकर शौच के लिए गए थे। वापस लौटने पर पत्नी धर्म देवी ने उन्हें दातुन करने के लिए कहा। इसके बाद वह तख्त पर लेट गए। बताया जाता है कि सुबह करीब 8:30 बजे वह मृत अवस्था में मिले।
घटना की जानकारी होते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। सूचना पर पीआरवी टीम पहुंची। मृतक के बड़े बेटे श्याम बहादुर साहनी ने आरोप लगाया कि उनके भाई परमात्मा की पत्नी सुशीला ने गला दबाकर पिता की हत्या की है।
बताया जा रहा है कि वृद्ध ने अपनी चल-अचल संपत्ति छोटे बेटे की पत्नी के नाम कर दी थी। इसको लेकर न्यायालय में विवाद चल रहा है। हालांकि, छोटे बेटे परमात्मा और वृद्ध की पत्नी धर्म देवी ने किसी अनहोनी से इन्कार करते हुए मृत्यु को सामान्य बताया। बाद में श्याम बहादुर ने पुलिस को तहरीर देकर पिता की मृत्यु पर संदेह जताया।
यह भी पढ़ें- सीएम योगी का राहुल-अखिलेश पर तीखा हमला: 'फुस्स रॉकेट' और 'बदला नहीं, बदलाव'
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष रामदेव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृत्यु स्वाभाविक प्रतीत हो रही है। हालांकि, संपत्ति विवाद को देखते हुए मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।