विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिद्धार्थनगर में तीन मासूमों की बड़ी नादानी, पढ़ाई के डर से मदरसे से भागे; रातभर बागीचे में छिपे रहे

Published: Sun, 15 Nov 2026 03:24 PM (IST)

सिद्धार्थनगर में तीन मासूम बच्चे पढ़ाई से बचने के लिए मदरसे से भागकर रातभर एक बागीचे में छिपे रहे। सर्प ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. तीन मासूम बच्चे पढ़ाई के डर से मदरसे से भागे।

  2. रातभर बागीचे में छिपकर जान जोखिम में डाली।

  3. ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित मिले, अब काउंसलिंग जारी।

जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। पढ़ाई से बचने के लिए तीन मासूम बच्चों ने ऐसा कदम उठाया कि उनकी जान भी खतरे में पड़ सकती थी। मदरसे में पढ़ाई के डर से घर लौटने के बजाय तीनों बच्चे वहां से निकल गए और करीब दो किलोमीटर दूर एक बागीचे में जाकर छिप गए। सर्प और जहरीले कीट-पतंगों के खतरे के बीच तीनों ने पूरी रात बागीचे में ही गुजारी। उन्हें पढ़ाई न करनी पड़े, इसके लिए उन्होंने अनजाने में अपनी जान जोखिम में डाल दी। शनिवार सुबह ग्रामीण की नजर पड़ने पर तीनों सकुशल मिल गए।

मोहाना थाना क्षेत्र के भगवानपुर टोला चौरीजोत निवासी समीउल्लाह के 12 वर्षीय पुत्र जैद और 10 वर्षीय फहद के साथ शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के अतरी बाजार निवासी उनके रिश्तेदार 10 वर्षीय नदीम मदरसा अरबिया दारुल उलूम सल्फिया, रसूलपुर टोला कैथवलिया में एक साथ पढ़ते हैं। तीनों 13 नवंबर की दोपहर घर से मदरसे आए थे। 14 नवंबर की सुबह करीब आठ बजे नाश्ता करने के बाद वे मदरसे से कहीं निकल गए।

काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू हुई। साथ पढ़ने वाले बच्चों से पूछताछ में पता चला कि तीनों पढ़ाई नहीं करना चाहते थे। इसी वजह से वे बिना किसी को बताए मदरसे से चले गए थे। स्वजन ने ग्राम प्रधान और ग्रामीणों की मदद से रेलवे स्टेशन तथा बस अड्डों पर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

इस बीच तीनों बागीचे में ही छिपे रहे। रात के अंधेरे में सर्प और अन्य जहरीले जीवों के बीच उनका वहां रहना किसी अनहोनी का कारण बन सकता था। शनिवार सुबह गांव का एक व्यक्ति बच्चों की तलाश करते हुए बागीचे तक पहुंचा तो तीनों वहां मिल गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।

यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में दूरबीन विधि से फटी आंत का पहला सफल ऑपरेशन, महज 400 रुपये में पूरी हुई सर्जरी

मोहाना के थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि तीनों बच्चे पढ़ाई नहीं करना चाहते थे। इसी वजह से मदरसे से निकलकर बागीचे में छिप गए थे। रातभर वहीं रहे। उन्होंने बताया कि बच्चों की काउंसलिंग की जा रही है। उन्हें समझाया जा रहा है कि शिक्षा जीवन में कितनी जरूरी है और पढ़ाई से बचने के लिए इस तरह घर और मदरसे से भागना कितना जोखिम भरा हो सकता है।

यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में दूरबीन विधि से फटी आंत का पहला सफल ऑपरेशन, महज 400 रुपये में पूरी हुई सर्जरी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।