विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिद्धार्थनगर में बढ़ा महिला क्रिकेट का क्रेज, पूर्वांचल की बेटियां राष्ट्रीय स्तर पर लहरा रहीं परचम

Published: Sat, 17 Oct 2026 06:28 PM (IST)

महिला क्रिकेटर रिद्धि सिंह की सफलता से प्रेरित होकर सिद्धार्थनगर में बेटियों के बीच क्रिकेट का जुनून बढ़ा है, जिससे ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. रिद्धि सिंह की सफलता ने महिला क्रिकेट को प्रेरित किया।

  2. सौम्या और माही का सीबीएसई राष्ट्रीय खेलों में चयन।

  3. गौतम बुद्ध अकादमी में बेटियां सीख रहीं क्रिकेट के गुर।

कृष्ण सिंह, शोहरतगढ़। क्रिकेट के मैदान पर अब बेटियों के सपनों को नई उड़ान मिल रही है। कभी लड़कों तक सीमित समझे जाने वाले इस खेल में सिद्धार्थनगर की बेटियां भी अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर पहचान बनाने की राह पर हैं। शोहरतगढ़ के बेलवा निवासी महिला क्रिकेटर रिद्धि सिंह की उपलब्धियों ने जिले की नई पीढ़ी को खास तौर पर प्रेरित किया है।

यही वजह है कि शोहरतगढ़ से नौगढ़, लोटन, बांसी और डुमरियागंज तक बड़ी संख्या में बेटियां क्रिकेट सीखने और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अभ्यास कर रही हैं। रिद्धि की सफलता उनके लिए इस विश्वास की मिसाल है कि छोटे शहरों और गांवों से निकलकर भी बड़े क्रिकेट मंच तक पहुंचा जा सकता है। बड़ौदा की महिला क्रिकेटर रिद्धि सिंह अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर महिला घरेलू क्रिकेट में प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

उन्होंने लगातार चार सत्र तक अंडर-19 महिला एकदिवसीय और टी-20 प्रतियोगिताओं में भाग लिया। अंडर-23 और सीनियर टीम में खेलने का अनुभव हासिल करने के साथ वह भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के शिविर का भी हिस्सा बनीं। वर्ष 2026 में पहली बार आयोजित बड़ौदा महिला प्रीमियर लीग में भागीदारी उनके सफर की एक और उपलब्धि रही। रिद्धि की इस यात्रा ने जिले की उभरती खिलाड़ियों के सामने एक लक्ष्य रखा है।

अलग-अलग क्षेत्रों से उभर रहीं प्रतिभाएं
जिले में क्रिकेट के प्रति जुनून दिखाने वाली बेटियों में शोहरतगढ़ की सिद्धि श्रीवास्तव, नेहा पांडेय, अलिष्का और अर्पिता सिंह शामिल हैं। नौगढ़ की निधि यादव, बांसी की प्रियांशी, लोटन की सौम्या शुक्ला और डुमरियागंज की माही मिश्रा भी खेल में आगे बढ़ने का सपना संजो रही हैं। रिद्धि सिंह से प्रेरित होकर ये खिलाड़ी नियमित अभ्यास के जरिये अपने कौशल को निखार रही हैं। इनके लिए क्रिकेट केवल खेल नहीं, बल्कि अपनी पहचान बनाने और परिवार के साथ जिले का नाम रोशन करने का अवसर भी है।

सौम्या और माही का राष्ट्रीय खेलों के लिए चयन
सीबीएसई पूर्वी क्षेत्र क्रिकेट प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली सौम्या शुक्ला और माही मिश्रा का चयन अंडर-19 आयु वर्ग की पूर्वी क्षेत्रीय टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी तमिलनाडु के मदुरई में आयोजित होने वाले सीबीएसई राष्ट्रीय खेलों में प्रतिभाग करेंगी। प्रयागराज में आयोजित पूर्वी क्षेत्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता में अर्पिता सिंह और सौम्या शुक्ला ने स्वर्ण पदक हासिल किया था, जबकि सिद्धि श्रीवास्तव और माही मिश्रा ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। शिवांगी गौड़, निधि यादव, अलिष्का और प्रियांशी सहित अन्य बेटियां भी मैदान पर प्रशिक्षण लेकर आगे बढ़ने की तैयारी कर रही हैं।

गौतम बुद्ध क्रिकेट अकादमी में निखर रहा हुनर
गौतम बुद्ध क्रिकेट अकादमी में बैट और गेंद थामकर क्रिकेट का ककहरा सीखने वाली रिद्धि सिंह ने अपनी प्रतिभा के दम पर सफलता हासिल की। अब अकादमी में प्रशिक्षण लेने वाली अन्य बेटियां भी उनके कदमों पर चलकर आगे बढ़ने का सपना देख रही हैं। प्रशिक्षक विवेक मणि त्रिपाठी, विपिन राजपूत और नेहा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन दे रहे हैं। अभ्यास के साथ तकनीक, अनुशासन और खेल की बारीकियां सीख रहीं बेटियां अपनी कमियों को दूर करने में जुटी हैं। रिद्धि की उपलब्धियां उनके लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। जिले में महिला क्रिकेट का बढ़ता आकर्षण संकेत दे रहा है कि अवसर और उचित मार्गदर्शन मिले तो यहां की बेटियां भी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

यह भी पढ़ें- यूपी के सिद्धार्थनगर में बिजली विभाग का शिकंजा, 63 बड़े बकाएदारों का काटा कनेक्शन; 9 टीमों ने की छापेमारी