सिद्धार्थनगर में चक्रवाती तूफान का असर: 28 अक्टूबर से बदलेगा मौसम, भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान का असर सिद्धार्थनगर में 28 अक्टूबर से दिखेगा, जिससे तीन-चार दिन तक ...और पढ़ें

HighLights
28 अक्टूबर से सिद्धार्थनगर में बदलेगा मौसम, बारिश के आसार।
30 अक्टूबर को तेज वर्षा की संभावना, तापमान में गिरावट।
धान की फसल को नुकसान का खतरा, किसानों को सलाह।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। बंगाल की खाड़ी में बन रहे संभावित चक्रवाती तूफान का असर सिद्धार्थनगर में भी पड़ सकता है। 28 अक्टूबर से मौसम बदलने और बेमौसम वर्षा की संभावना है। इसका प्रभाव तीन से चार दिन रह सकता है। बादल छाए रहेंगे और रुक-रुककर बारिश हो सकती है। 30 अक्टूबर को तेज और भारी वर्षा की आशंका है। बारिश से तापमान गिरने और ठंड बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र 24 अक्टूबर को अवदाब में बदलकर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके 25 अक्टूबर तक गहन अवदाब और 26 अक्टूबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने की प्रबल संभावना है।
इसके बाद अगले दो दिनों में तूफान के और तीव्र होकर उत्तरी आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा तटों की ओर बढ़ने के आसार हैं। इस मौसमी गतिविधि का असर पूर्वी उत्तर प्रदेश और सिद्धार्थनगर में पड़ सकता है। जिले में 28 अक्टूबर से बादल बढ़ने और बारिश होने की संभावना है। दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है और मौसम का मिजाज बदल सकता है।
धान की फसल को लेकर बढ़ी चिंता
धान की फसल पकने की स्थिति में है। कई जगह किसान कटाई की तैयारी कर रहे हैं। तेज बारिश से खेतों में खड़ी फसल गिरने, कटाई प्रभावित होने और कटी फसल भीगने से नुकसान हो सकता है। लगातार वर्षा से खेतों में नमी बढ़ेगी, जिससे कटाई और उपज सुरक्षित रखने में परेशानी आ सकती है।
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष श्याम सुंदर चौधरी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, जांच में जुटी पुलिस
राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे संभावित चक्रवाती तूफान का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ सकता है। सिद्धार्थनगर में भी मौसम बदलने के साथ वर्षा की संभावना है। किसानों को मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखते हुए फसल की कटाई और सुरक्षित भंडारण की तैयारी करनी चाहिए।
