सिद्धार्थनगर में शॉर्ट सर्किट से मोबाइल दुकान राख, पुलिस की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
सिद्धार्थनगर के बांसी में कोतवाली रोड पर शॉर्ट सर्किट से सिद्दीकी मोबाइल शॉप में आग लग गई, जिससे दुकान का ...और पढ़ें

मोबाइल शॉप में लगी आग। जागरण
HighLights
शॉर्ट सर्किट से सिद्दीकी मोबाइल शॉप में लगी आग।
पुलिस, अग्निशमन विभाग की सक्रियता से बड़ा हादसा टला।
दुकान का सामान जलकर राख, नुकसान का आकलन जारी।
जागरण संवाददाता, बांसी। कोतवाली रोड पर शुक्रवार देर रात शॉर्ट सर्किट से सिद्दीकी मोबाइल शॉप में आग लग गई। देखते ही देखते दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। गश्त कर रही पुलिस की सक्रियता और अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक दिया गया। इससे घनी आबादी वाले व्यापारिक क्षेत्र में बड़ा हादसा टल गया। दुकान में हुए नुकसान का सही आकलन अभी नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली रोड स्थित सिद्दीकी मोबाइल शॉप में रात करीब 12:30 बजे अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख गश्त कर रही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की। दुकान के शटर पर लिखे मोबाइल नंबर से मालिक को सूचना दी गई।
इसके बाद दुकान मालिक मौके पर पहुंचे तो शटर में करंट उतर रहा था। विद्युत आपूर्ति बंद कराने के लिए विभाग को सूचना दी गई। इस बीच आग तेजी से फैलती रही। पुलिस और अग्निशमन विभाग की सक्रियता से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान का सामान जल चुका था।
कोतवाली रोड पर आठ-दस आवासीय मकानों को छोड़कर अधिकतर भवनों में व्यापारिक प्रतिष्ठान संचालित हैं। आवासीय भवनों के नीचे और आगे भी दुकानें हैं। ऐसे में आग का फैलाव आसपास की दुकानों और मकानों के लिए खतरा बन सकता था। समय रहते आग पर नियंत्रण होने से अन्य प्रतिष्ठानों को नुकसान से बचा लिया गया। घटना के बाद दुकानदारों में देर रात तक अफरातफरी का माहौल रहा।
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष श्याम सुंदर चौधरी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, जांच में जुटी पुलिस
कोतवाल महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी ने बताया कि आग लगने का कारण प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। नुकसान का आकलन अभी नहीं हो सका है।
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में DJ की तेज आवाज से नहीं हुई नवजात की मौत, बिसरा जांच से खुलेगा राज
