विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिद्धार्थनगर में अज्ञात वाहन का कहर, पूजा देखकर लौट रहे तीन बाइक सवारों की मौत

By Jitendra PandeyEdited By: Vivek Shukla
Published: Wed, 14 Oct 2026 08:43 AM (IST)

सिद्धार्थनगर में दुर्गा पूजा देखकर लौट रहे तीन किशोरों की सड़क हादसे में मौत हो गई। बयारा चौराहे के पास ...और पढ़ें

बाएं से इंद्रजीत (लाला) , विशाल और मुकेश की फाइल फोटो। जागरण

बाएं से इंद्रजीत (लाला) , विशाल और मुकेश की फाइल फोटो। जागरण

HighLights

  1. दुर्गा पूजा से लौटते समय हुआ भीषण हादसा।

  2. अज्ञात वाहन की टक्कर से तीनों की मौत।

  3. सिद्धार्थनगर के भवानीगंज में तीन घरों में शोक।

जागरण संवाददाता, भवानीगंज (सिद्धार्थनगर)। दुर्गा पूजा देखकर देर रात बाइक से घर लौट रहे तीन किशोरों की सड़क हादसे में मौत हो गई। भवानीगंज थाना क्षेत्र के बयारा चौराहे के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन बाइक को रौंदते हुए निकल गया। हादसे में तीनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। एक साथ तीन युवकों की मौत से चौरा बनगवा गांव में मातम पसर गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

चौरा बनगवा गांव निवासी इंद्रजीत गौतम (20) पुत्र बसंत गौतम, विशाल (17) पुत्र रामचंदर प्रजापति और मुकेश अग्रहरि (17) पुत्र तीरथ अग्रहरि मंगलवार देर रात दुर्गा पूजा देखने के लिए बाइक से निकले थे। रात करीब 12 बजे तीनों पूजा देखकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बयारा चौराहे के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

घटना की जानकारी गांव पहुंचते ही स्वजन बदहवास होकर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। तीन घरों के चिराग बुझने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। स्वजन की करुण चीत्कार सुनकर ग्रामीण भी अपने आंसू नहीं रोक सके।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइक पर तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। उनका कहना था कि यदि हेलमेट पहने होते तो संभव है कि जान बचाने में मदद मिलती। हालांकि, हादसे की गंभीरता को देखते हुए यह कहना मुश्किल है कि हेलमेट होने पर तीनों की जान बच जाती।

यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में औद्योगिक क्षेत्र के लिए 117 हेक्टेयर भूमि चिह्नित, यूपीसीडा को भेजा गया ब्योरा

सूचना पर पहुंचे भवानीगंज के थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

यह भी पढ़ें- पढ़ाई के साथ खेती में कमाल, सिद्धार्थ नगर की सौम्या ने वैज्ञानिक तरीके से उगाई कालानमक की फसल; देश-विदेश तक पहुंचा चावल