विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिद्धार्थनगर के जमुआर नाले पर सारसों का बसेरा, कलरव से गूंज रहा प्राकृतिक परिवेश

Published: Fri, 27 Nov 2026 03:02 PM (IST)

सिद्धार्थनगर के जमुआर नाले पर सारस पक्षियों का झुंड प्रकृति की खूबसूरती बढ़ा रहा है, जो राहगीरों को आकर्षित कर रहा है। इनकी मौजूदगी क्षेत्र की जैव विविधता के लिए महत्वपूर्ण है और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. जमुआर नाले पर सारस पक्षियों का बड़ा झुंड देखा गया।

  2. पानी और हरियाली के बीच सारस अठखेलियां करते दिख रहे।

  3. यह दृश्य राहगीरों को आकर्षित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश।

संवाद सूत्र, सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ क्षेत्र के जमुआर नाले पर इन दिनों प्रकृति की खूबसूरती देखते ही बन रही है। नाले के आसपास बड़ी संख्या में सारस पक्षियों ने अपना बसेरा बना लिया है। पानी और हरियाली के बीच विचरण करते सारसों के झुंड लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।

सुबह और शाम इनके कलरव से पूरा परिवेश गूंज उठता है। कभी पानी में अठखेलियां करते तो कभी खुले आसमान में पंख फैलाकर उड़ान भरते सारसों का दृश्य राहगीरों को कुछ पल ठहरने के लिए विवश कर रहा है।

जमुआर नाले के किनारे सारसों की गतिविधियां इन दिनों कौतूहल का विषय बनी हुई हैं। भोजन की तलाश में ये पक्षी पानी में अपनी लंबी चोंच डालते और उथले हिस्सों में विचरण करते नजर आते हैं। कई बार पूरा झुंड नाले के किनारे शांत भाव से खड़ा दिखाई देता है। अचानक एक साथ उड़ान भरते सारसों के पंखों की थिरकन और आसमान में उनकी कतारबद्ध उड़ान मनोहारी दृश्य प्रस्तुत करती है। आसपास से गुजरने वाले लोग भी इस नजारे को निहारने के लिए रुक जाते हैं।

कई लोग अपने मोबाइल कैमरों में इन खूबसूरत पलों को संजोते दिखाई देते हैं। सारस उत्तर प्रदेश का राजकीय पक्षी है। अपनी लंबी गर्दन, ऊंचे कद और विशिष्ट बनावट के कारण इसकी अलग पहचान है। यह सामान्यतः तालाबों, जलाशयों, दलदली भूमि और धान के खेतों के आसपास रहना पसंद करता है। ऐसे में जमुआर नाले पर इनकी बड़ी संख्या में मौजूदगी क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा और जैव विविधता के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।

स्थानीय निवासी हरीराम, वीरेंद्र कुमार, राजाराम, पहलू, राम प्रसाद, तुलसीराम, उदयराज, रामकाश, राधेरमण और राममिलन का कहना है कि सारसों की मौजूदगी से नाले का वातावरण जीवंत हो उठा है। सुबह-शाम इनकी आवाज और खुले आसमान में उड़ान भरने का दृश्य मन मोह लेता है।

लोगों का मानना है कि ऐसे प्राकृतिक ठिकानों को स्वच्छ और सुरक्षित रखने की जरूरत है, ताकि सारस सहित अन्य पक्षियों को अनुकूल वातावरण मिलता रहे। प्रकृति का यह मनमोहक नजारा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दे रहा है।

यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में AI से आधार बदलकर बनाते थे फर्जी दिव्यांग सर्टिफिकेट, डेढ़ लाख में होता था सौदा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।