विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल में तिहार की अनूठी परंपरा, पहले कौवे फिर कुत्तों की होती है पूजा

Published: Tue, 10 Nov 2026 01:08 PM (IST)

नेपाल में पांच दिवसीय तिहार पर्व दीपावली के अवसर पर अपनी अनूठी परंपराओं के लिए जाना जाता है, जिसमें मनुष्य ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. नेपाल में पांच दिवसीय तिहार पर्व की अनूठी परंपरा।

  2. काग तिहार में कौवों को यमराज का दूत मानकर पूजा।

  3. कुकुर तिहार पर कुत्तों को वफादारी के लिए सम्मान।

संवाद सूत्र, बढ़नी। भारत में जहां दीपावली का पर्व मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा के साथ मनाया जाता है, वहीं पड़ोसी देश नेपाल में दीपावली के अवसर पर मनाया जाने वाला पांच दिवसीय तिहार पर्व अपनी अनूठी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के लिए विशेष पहचान रखता है। इस पर्व में मनुष्य ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों को भी आस्था और सम्मान के साथ पूजा जाता है। तिहार की शुरुआत काग तिहार से होती है, जिसमें कौवों की पूजा की जाती है। इसके अगले दिन कुकुर तिहार पर कुत्तों का पूजन कर उन्हें विशेष सम्मान दिया जाता है।

नेपाल में काग तिहार के दिन सुबह से ही लोग घरों की छतों और आंगन में कौवों के लिए भोजन रखते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार कौवे को यमराज का दूत माना जाता है। उसकी पूजा करने से अनिष्ट और संकट दूर रहते हैं तथा परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। लोग कौवों को पकवान और अन्य खाद्य पदार्थ अर्पित करते हैं।

तिहार के दूसरे दिन कुकुर तिहार मनाया जाता है। इस दिन कुत्तों को नहलाकर उनके माथे पर टीका लगाया जाता है और गले में फूलों की माला पहनाई जाती है। उन्हें स्वादिष्ट भोजन भी कराया जाता है। नेपाली समाज में कुत्ते को वफादारी, सुरक्षा और मित्रता का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि कुत्ता यमराज का संदेशवाहक भी है। इसलिए इस दिन उसे विशेष सम्मान दिया जाता है।

नेपाल में तिहार की यह परंपरा मनुष्य और प्रकृति के बीच गहरे संबंध को दर्शाती है। भारत-नेपाल सीमा से सटे बढ़नी और कृष्णानगर क्षेत्र में भी इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह रहता है। खासकर पहाड़ी समुदाय के लोग काग तिहार और कुकुर तिहार को बड़े पर्व के रूप में मनाते हैं। नेपाल में तिहार के अवसर पर पांच दिन का सार्वजनिक अवकाश रहता है। इस दौरान भंसार (सीमा शुल्क कार्यालय) को छोड़कर अधिकांश सरकारी और संस्थागत कार्यालय बंद रहते हैं।

यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में दीपावली पर जलाए गए दीपक से मकान में लगी आग, गृहस्थी का सामान जलकर राख

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।