विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल से पंजाब तक फैला चरस का नेटवर्क, खंगाल रहीं सुरक्षा एजेंसियां

Published: Sun, 06 Sep 2026 08:27 AM (IST)

नेपाल सीमा से भारत में मादक पदार्थों की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिसमें अप्रैल से सितंबर ...और पढ़ें

अलग-अलग मामलों में 60 किलो से अधिक चरस बरामद। जागरण

अलग-अलग मामलों में 60 किलो से अधिक चरस बरामद। जागरण

HighLights

  1. अप्रैल से सितंबर में 60 किलो चरस, 10 किलो अफीम जब्त।

  2. कृष्णनगर, गोरखपुर, जालंधर में हुई बड़ी बरामदगियां।

  3. सुरक्षा एजेंसियां तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ रहीं।

जितेन्द्र पाण्डेय, सिद्धार्थनगर। नेपाल सीमा से भारत में मादक पदार्थों की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अप्रैल से सितंबर के बीच कृष्णनगर, गोरखपुर और जालंधर में हुई चार अलग-अलग कार्रवाइयों में 60.032 किलो चरस बरामद हुई है। इसके अलावा कृष्णनगर में 10 किलो अफीम भी पकड़ी गई। बरामदगी अलग-अलग मामलों में हुई है, लेकिन नेपाल सीमा से लेकर पंजाब तक सामने आए मामलों ने सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान तस्करी की संभावित कड़ियों पर केंद्रित किया है।

23 अगस्त को कपिलवस्तु जिले के कृष्णनगर में नेपाल पुलिस ने पांच नेपाली महिलाओं को 5.225 किलो चरस और 10 किलो अफीम के साथ पकड़ा था। पूछताछ में महिलाओं ने बताया था कि मादक पदार्थ भारतीय सीमा में बढ़नी स्टेशन के पास किसी व्यक्ति को देना था। उस व्यक्ति की पहचान अभी सामने नहीं आई है।

सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि खेप किसके लिए थी और उसे आगे कहां भेजा जाना था। बढ़नी और कृष्णनगर सीमा पर आमने-सामने स्थित हैं। इसलिए इसे अलग-अलग शहरों के बीच का तस्करी रूट मानने के बजाय सीमा पार करने के संभावित बिंदु और उसके आगे की सप्लाई कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। जांच का मुख्य फोकस खेप लेने वाले व्यक्ति और उसके संभावित संपर्कों पर है।

इस बीच 28 अगस्त को पंजाब के जालंधर में 34.5 किलो चरस की बरामदगी हुई। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें नेपाल निवासी एक आरोपित भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, शुरुआत में 1.5 किलो चरस के साथ एक आरोपित पकड़ा गया था। पूछताछ के बाद दो अन्य आरोपितों तक पहुंची पुलिस ने उनके कब्जे से 33 किलो चरस बरामद की।

गोरखपुर में चार सितंबर को डीआरआइ ने अमरनाथ एक्सप्रेस से 5.88 किलो चरस बरामद की। मामले में दो महिलाओं समेत तीन लोग गिरफ्तार हुए। डीआरआइ के अनुसार, आरोपित बिहार के सुगौली से ट्रेन में सवार हुए थे और चरस पंजाब के लुधियाना ले जाई जा रही थी। यह मामला कृष्णनगर की घटना से अलग है, लेकिन पंजाब में चरस पहुंचने की एक और कड़ी सामने आने से जांच का दायरा बढ़ा है।

कृष्णनगर में 14.427 किलो चरस पकड़ी गई थी
22 अप्रैल को कृष्णनगर में नेपाल पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर 14.427 किलो चरस बरामद की थी। पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थ नेपाल से भारत की ओर ले जाने की सूचना पर कार्रवाई की गई थी। तलाशी के दौरान चरस शरीर के अलग-अलग हिस्सों और बैग में छिपाकर रखी मिली थी। इस कार्रवाई में पकड़े गए आरोपित नेपाल के अलग-अलग जिलों के रहने वाले थे।

यह भी पढ़ें- सहारनपुर जाली नोट कांड में नेपाल कनेक्शन, सिद्धार्थनगर के पुराने मामले से जुड़ रहे तार

चार मामलों में 60.032 किलो चरस
इन चार कार्रवाइयों में बरामद 60.032 किलो चरस को किसी एक नेटवर्क की बरामदगी नहीं माना जा सकता। सभी मामले अलग-अलग हैं। हालांकि कृष्णनगर में लगातार बड़ी मात्रा में चरस पकड़े जाने और बाद में भारत के अलग-अलग हिस्सों, विशेषकर पंजाब में बड़ी बरामदगी होने से सुरक्षा एजेंसियां संभावित संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं। जांच में तस्करी के स्रोत, सीमा पर संपर्क और आगे की सप्लाई श्रृंखला पर नजर रखी जा रही है।

यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में आमने-सामने टकराईं दो तेज रफ्तार बाइकें; दो की मौत और तीन गंभीरj

पुलिस तस्करी के मामलों को गंभीरता से ले रही है। पंजाब व नेपाल वाले इनपुट पर काम भी किया जाएगा। इसके लिए एसओजी व सीमावर्ती थानों को निर्देशित किया जाएगा। पुलिस बेहतर काम कर भी रही है कि इसकी देन है कि पिछले दिनों स्मैक व गांजा की बड़े पैमाने पर बरामदगी भी हुई।

-

-डा.अभिषेक महाजन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक।