डुमरियागंज सपा विधायक सैय्यदा खातून ने पुलिस पर लगाया समर्थकों की पिटाई का आरोप, थाने में दिया धरना
डुमरियागंज में सपा विधायक सैय्यदा खातून ने कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों और समर्थकों से मारपीट के विरोध में थाने में ...और पढ़ें

धरने पर बैठे लोग। जागरण
HighLights
विधायक सैय्यदा खातून ने डुमरियागंज थाने में धरना प्रदर्शन किया।
सपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों के विरोध में यह धरना था।
पुलिस पर समर्थकों को पीटने और एकतरफा कार्रवाई का आरोप।
जागरण संवाददाता, डुमरियागंज। तहसील परिसर में शुक्रवार को हुई मीडिया परिचर्चा के दौरान सपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों और समर्थकों से मारपीट के विरोध में शनिवार को विधायक सैय्यदा खातून दो दर्जन से अधिक समर्थकों के साथ डुमरियागंज थाने पहुंचीं। समर्थकों की ओर से मुकदमा दर्ज नहीं किए जाने पर विधायक थाने के परिसर में धरने पर बैठ गईं। उन्होंने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने और सत्ता के दबाव में काम करने का आरोप लगाया।
विधायक ने कहा कि वह कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों के विरोध और समर्थकों से मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कराने थाने गई थीं। आरोप है कि प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें थाना परिसर से बाहर जाने के लिए कहा।
विधायक का आरोप है कि पुलिस के निर्देश पर उनके समर्थकों को थाना परिसर में ही थप्पड़ों और जूतों से पीटा गया तथा अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। विधायक के अनुसार पुलिस कार्रवाई और झड़प में घिसियावन यादव, पप्पू मलिक, नौशाद मलिक, विजय यादव और मलिक इकबाल समेत करीब दो दर्जन कार्यकर्ता घायल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की है। मामले को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। घटना के बाद डुमरियागंज में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। विधायक ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- 2.5 करोड़ के सोने के साथ पकड़ी गई महिला 5 दिन की रिमांड पर, भैरहवा कस्टम खोलेगा राज
प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि विधायक समर्थकों के साथ थाना परिसर में धरने पर बैठ गई थीं। उन्हें थाना परिसर से बाहर निकाला गया था। पुलिस की ओर से समर्थकों की पिटाई के आरोप पर उन्होंने कहा कि किसी की पिटाई नहीं हुई है।
