2.5 करोड़ के सोने के साथ पकड़ी गई महिला 5 दिन की रिमांड पर, भैरहवा कस्टम खोलेगा राज
भारत से नेपाल में 1 किलो शुद्ध सोने के आभूषणों के साथ पकड़ी गई महिला को रुपंदेही जिला अदालत ने ...और पढ़ें

जिला अदालत ने आगे की अनुसंधान के लिए भैरहवा भंसार कार्यालय को सौंपी जांच। जागरण
HighLights
नेपाल में 1 किलो शुद्ध सोने के साथ महिला पकड़ी गई।
बरामद सोने का मूल्य 2.51 करोड़ नेपाली रुपये है।
महिला को पांच दिन की रिमांड पर कस्टम को सौंपा गया।
संवादसूत्र, भैरहवा (नेपाल)। भारत से नेपाल प्रवेश के दौरान एक किलो शुद्ध सोने के आभूषणों के साथ पकड़ी गई महिला को रुपंदेही जिला अदालत ने पांच दिन की रिमांड पर भैरहवा भंसार कार्यालय के जिम्मे सौंप दिया है। गुरुवार को अदालत के आदेश के बाद भंसार कार्यालय ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
बरामद सोने और आभूषणों के स्रोत, स्वामित्व, भारत से नेपाल लाने की प्रक्रिया और इसके उद्देश्य समेत विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। भंसार कार्यालय के सूचना अधिकारी उद्धव ढुंगाना के अनुसार महिला को जिला प्रहरी कार्यालय रुपंदेही की हिरासत में रखा गया है।
जांच के दौरान महिला से पूछताछ भी की जा रही है। हालांकि, पूछताछ में महिला ने क्या बयान दिया है, इसे अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी।
रुपंदेही के सिद्धार्थनगर नगरपालिका-1 स्थित शांतिगेट चेकप्वाइंट पर बुधवार रात सुरक्षा जांच के दौरान काठमांडू महानगरपालिका-19 निवासी 46 वर्षीय इला पटे को पकड़ा गया था। तलाशी में उसके पास से दो किलो 605 ग्राम वजन के सोने के आभूषण बरामद हुए थे।
रुपंदेही सुनचांदी व्यवसायी संघ के माध्यम से कराई गई जांच में आभूषणों में एक किलो शुद्ध सोना होने की पुष्टि हुई। बरामद सोने का मूल्य 2 करोड़ 51 लाख 93 हजार 350 नेपाली रुपये निर्धारित किया गया है।
यह भी पढ़ें- महराजगंज में खेलते-खेलते पानी भरे गड्ढे में गिरी तीन साल की बच्ची, मौत
भारत-नेपाल सीमा के प्रमुख प्रवेश बिंदु बेलहिया क्षेत्र में सोने सहित कीमती सामानों की अवैध तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा जांच बढ़ाई गई है। इसी क्रम में विशेष सूचना के आधार पर शांतिगेट चेकप्वाइंट पर जांच के दौरान महिला को पकड़ा गया।
अब भंसार कार्यालय यह पता लगाने में जुटा है कि इतनी बड़ी मात्रा में सोना और आभूषण भारत से नेपाल किस माध्यम से लाए गए तथा इसके पीछे क्या उद्देश्य था। जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
