महराजगंज में खेलते-खेलते पानी भरे गड्ढे में गिरी तीन साल की बच्ची, मौत
महराजगंज में खेलते समय पानी से भरे गड्ढे में गिरकर तीन साल की बच्ची की डूबने से मौत हो गई। ...और पढ़ें

मासूम प्रीति की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
महराजगंज में तीन साल की बच्ची की डूबने से मौत।
खिलौना निकालने के प्रयास में गड्ढे में गिरी बच्ची।
परिजनों ने पुलिस को बताए बिना शव नदी में प्रवाहित किया।
संवादसूत्र, गांगी बाजार, (महराजगंज)। खेलते समय पानी से भरे गड्ढे के पास पहुंची तीन वर्षीय बच्ची की डूबने से मृत्यु हो गई। खिलौना निकालने के प्रयास में बच्ची गड्ढे में गिर गई। तलाश के दौरान ग्रामीणों ने उसका शव बरामद किया। घटना के बाद स्वजन में मातम छा गया।
स्वजन ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव को नदी में प्रवाहित कर दिया। पनियरा थाना क्षेत्र के नरकटहा के छोटका टोला निवासी दिलीप निषाद की तीन वर्षीय पुत्री प्रीति शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे घर के दरवाजे पर खेल रही थी। उसकी मां भी उस समय पास में मौजूद थी। कुछ देर बाद वह किसी काम से घर के अंदर चली गईं।
इसी दौरान खेलते-खेलते प्रीति घर के बगल स्थित पानी से भरे गड्ढे के पास पहुंच गई। खेलते समय उसके हाथ से खिलौना गड्ढे में गिर गया। उसे निकालने के प्रयास में वह भी पानी में जा गिरी। कुछ देर बाद मां बाहर आईं तो प्रीति वहां नहीं मिली।
उन्होंने आसपास उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच गड्ढे में पानी के ऊपर बच्ची का खिलौना तैरता दिखाई दिया। इससे अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने गड्ढे में उतरकर बच्ची की तलाश की। काफी प्रयास के बाद उसका शव पानी के तल से बरामद हुआ।
यह भी पढ़ें- भारत से नेपाल जा रही महिला के पास से 2.6 किलो सोने के आभूषण जब्त, एक किलो शुद्ध सोना बरामद
घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी उप निरीक्षक प्रणव ओझा पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पूछताछ में हादसे की पूरी जानकारी सामने आई। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्वजन बच्ची के शव को नदी में प्रवाहित कर चुके थे।
