विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत से नेपाल जा रही महिला के पास से 2.6 किलो सोने के आभूषण जब्त, एक किलो शुद्ध सोना बरामद

Published: Fri, 02 Oct 2026 01:12 PM (IST)

भारत से नेपाल में प्रवेश कर रही एक महिला के पास से सशस्त्र पुलिस ने 2.605 किलो सोने के आभूषण ...और पढ़ें

काठमांडू महानगरपालिका-19 की रहने वाली है पकड़ी गई महिला इला पटेल। फोटो- एसएसबी

काठमांडू महानगरपालिका-19 की रहने वाली है पकड़ी गई महिला इला पटेल। फोटो- एसएसबी

HighLights

  1. महिला के पास से 2.605 किलो सोने के आभूषण बरामद।

  2. बरामद आभूषणों में एक किलो शुद्ध सोना शामिल था।

  3. सोने की कीमत 2.5 करोड़ नेपाली रुपये से अधिक।

संवाद सूत्र, भैरहवा (नेपाल)। भारत से नेपाल प्रवेश कर रही एक महिला के पास से सशस्त्र पुलिस ने 2.605 किलो सोने के आभूषण बरामद किए हैं। रुपन्देही जिले के सिद्धार्थनगर नगरपालिका एक स्थित शांतिगेट चेकप्वाइंट पर बुधवार रात विशेष सूचना के आधार पर जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई।

बरामद आभूषणों की जांच में एक किलो शुद्ध सोना पाया गया। इसकी कीमत दो करोड़ 51 लाख 93 हजार 350 नेपाली रुपये आंकी गई है। सशस्त्र पुलिस ने महिला और बरामद आभूषणों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए गुरुवार को भैरहवा भंसार कार्यालय, रुपन्देही को सौंप दिया है।

सशस्त्र पुलिस बल नेपाल सीमा सुरक्षा गुल्म डंडा रुपन्देही के नायब उपाधीक्षक गोपीकृष्ण भट्टराई के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम शांतिगेट चेकप्वाइंट पर जांच कर रही थी। इसी दौरान भारत की ओर से नेपाल प्रवेश कर रही काठमांडू महानगरपालिका-19 निवासी 46 वर्षीय इला पटेल की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान महिला के पास से पीले रंग की धातु से बने विभिन्न डिजाइन के आभूषण बरामद हुए।

इसके बाद इलाका पुलिस कार्यालय बेलहिया की टीम को मौके पर बुलाया गया और दोनों सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से बरामद आभूषणों की जांच की। इसके बाद बरामद आभूषणों की वास्तविकता और शुद्धता की पुष्टि के लिए उन्हें सुनचांदी व्यवसायी संघ रुपन्देही के माध्यम से परीक्षण कराया गया।

जांच में कुल 2.605 किलो आभूषणों में एक किलो शुद्ध सोना होने की पुष्टि हुई। बरामद सामान में हार, अंगूठियां, चूड़ियां, चेन, झुमके, ब्रेसलेट समेत विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- पीएम सूर्यघर योजना: महराजगंज में रूफटॉप सोलर के लिए लगेगा तीन दिवसीय शिविर, हर शंका का होगा समाधान

सशस्त्र पुलिस बल नेपाल सीमा सुरक्षा गुल्म डंडा रुपन्देही के नायब उपाधीक्षक गोपीकृष्ण भट्टराई ने बताया कि महिला और बरामद सोने के आभूषणों को गुरुवार को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए भैरहवा भंसार कार्यालय, रुपन्देही को सौंप दिया गया है। अब भंसार कार्यालय द्वारा आभूषणों के स्रोत, नेपाल लाए जाने की प्रक्रिया और भंसार संबंधी दस्तावेजों की जांच की जाएगी।

यह भी पढ़ें- महराजगंज में दिखा उत्सुकता का उत्साह, पूरे दिन छाया रहा जागरण विमर्श