बढ़नी और सिद्धार्थनगर होकर चलेगी भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस, नेपाल सीमा से सटे यात्रियों को मिलेगी बड़ी सौगात
भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस अब बढ़नी और सिद्धार्थनगर होकर चलेगी, जिससे सीमावर्ती क्षेत्र के रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का नया मार्ग स्वीकृत।
बढ़नी और सिद्धार्थनगर होकर चलेगी यह ट्रेन।
सीमावर्ती यात्रियों, व्यापार को मिलेगा बड़ा लाभ।
संवाद सूत्र, सिद्धार्थनगर। सीमावर्ती क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भुज से बरौनी के बीच चलने वाली नई अमृत भारत एक्सप्रेस अब बढ़नी और सिद्धार्थनगर होकर चलेगी।
रेलवे ने ट्रेन संख्या 19427/19428 भुज–बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस के इस मार्ग से संचालन को मंजूरी प्रदान कर दी है। केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद जगदंबिका पाल को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है।
जारी पत्र में रेल मंत्री ने बताया कि यात्री मांग और परिचालन आवश्यकताओं के अनुसार रेल सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में भुज–बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस के बढ़नी एवं सिद्धार्थनगर होकर संचालन को स्वीकृति दी गई है।
ट्रेन के संचालन से सिद्धार्थनगर, बढ़नी और भारत-नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्रों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर विकल्प मिलेगा।
बढ़नी सीमा का प्रमुख व्यापारिक एवं आवागमन केंद्र है। ऐसे में नई रेल सेवा से स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। नेपाल सीमा से जुड़े यात्रियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
हालांकि रेलवे ने अभी ट्रेन के नियमित संचालन की तिथि और समय-सारिणी जारी नहीं की है। इसके लिए अलग से घोषणा की जाएगी। लंबे समय से सीमावर्ती क्षेत्र के लोग बेहतर लंबी दूरी की रेल सेवा की मांग कर रहे थे। मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र में नई रेल सेवा शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।
