सीताद्वार मेले का दूसरा दिन: पौराणिक झील में स्नान के बाद उमड़ी भीड़, इलेक्ट्रॉनिक झूलों पर लगी कतार
कार्तिक पूर्णिमा पर शुरू हुए श्रावस्ती के सीताद्वार मेले में दूसरे दिन भी भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने पौराणिक झील में स्नान कर सीता माता के दर्शन किए और खरीदारी व झूलों का आनंद लिया।

पहली फोटो में सीताद्वार मेले में इलेक्ट्रानिक झूले का आनंद लेते बच्चे, और दूसरी फोटो में मेले में दुकान पर खिलौनों की खरीदारी करते बच्चे। जागरण
HighLights
पौराणिक झील में स्नान कर सीता माता के दर्शन किए।
मेले में खरीदारी, खान-पान और झूलों का भरपूर आनंद लिया।
डीएम-एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था और चिकित्सा शिविर का निरीक्षण किया।
संवाद सूत्र, श्रावस्ती। कार्तिक पूर्णिमा पर शुरू हुए सीताद्वार मेला में दूसरे दिन बुधवार को भी मेलार्थियों का उत्साह दिखा। पौराणिक झील में स्नान कर सीता माता के मंदिर में दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया। मेले में जमकर खरीदारी भी की। खान-पान, श्रृंगार व खिलौनों की दुकानों पर भीड़ जुटी रही। इसी प्रकार हरदत्तनगर गिरंट व हरिहरपुर के लखरांव बाग में दूसरे दिन मेले में भीड़ रही। डीएम मनोज कुमार राय व एसपी राहुल भाटी ने रात में मेले में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था व चिकित्सा शिविर काे देखा।
झूलों पर लगी रही कतार
मेले में कई तरह के इलेक्ट्रानिक झूले लगाए गए हैं। झूले का आनंद लेने के लिए बच्चे ही नहीं बड़े भी कतार लगाए रहे। जंपिंग झूला स्टैंड पर बच्चों तो इलेक्ट्रानिक झूलों पर लोग परिवार समेत आनंद उठाते देखे गए।
खूब बिके कृषि यंत्र
ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ा मेला होने के कारण मेला क्षेत्र में कृषि यंत्रों की दुकानों पर ग्राहकों की खूब भीड़ रही। मेले में आए ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने हंसिया, खुरपी, फावड़ा, कुदाल समेत कृषि कार्य में दैनिक उपयोगी सामानों की खरीदारी की।
मेहमानों से गुलजार रहे गांव
सीताद्वार मेला क्षेत्र से लगे गांव के लोग रिश्तेदारों को मेला देखने के लिए आमंत्रित करते हैं। मेहमानों के स्वागत, सत्कार के लिए पहले से तैयारियां करते हैं। मेले को लेकर टंड़वा महंत, रामपुर, गोविंदपुर, मोहनीपुर भगवानपुर समेत अन्य गांवों में लगभग सभी घरों में मेहमानों की भीड़ के साथ उत्सवी माहौल दिखा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।