एक कॉल ने बदल दी जिंदगी, श्रावस्ती में कॉलेज प्रवक्ता की सूझबूझ से दो वर्ष बाद परिवार से मिली लापता महिला
श्रावस्ती के जनता इंटर कॉलेज के प्रवक्ता राजेश पाठक की सूझबूझ से दो साल से लापता एक महिला अपने परिवार से मिल पाई। मानसिक अस्वस्थता के कारण लापता हुई किरण यादव को राजस्थान के 'अपना घर' आश्रम ने आश्रय दिया था, और शिक्षक के प्रयास से 15 मिनट में परिवार का पता चला।
-1795932796805_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
जागरण संवाददाता, श्रावस्ती। कहते हैं कि यदि मन में सेवा का भाव हो, तो मीलों की दूरी भी चंद मिनटों में सिमट जाती है। ऐसा ही एक सराहनीय उदाहरण जिले के जनता इंटर कालेज पटना खरगौरा में देखने को मिला, यहां भूगोल के प्रवक्ता राजेश पाठक की तत्परता और सूझबूझ से दो वर्ष से लापता एक महिला को उसका परिवार वापस मिल गया।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के लालपुर महरी निवासी ईंट भट्ठा मजदूर रामतीरथ यादव की पत्नी किरण यादव मानसिक अस्वस्थता के कारण करीब दो वर्ष पूर्व घर से लापता हो गई थीं। भटकते हुए वह राजस्थान के भरतपुर पहुंच गईं, यहां लावारिस व विक्षिप्त लोगों की सेवा करने वाली संस्था ''अपना घर'' आश्रम ने उन्हें आश्रय दिया। निरंतर उपचार के बाद जब किरण की मानसिक स्थिति में सुधार हुआ, तो उन्होंने अपने गांव ''लालपुर महरी'' और परिवार के लोगों के नाम बताए।
शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे संस्था के प्रतिनिधि ने इंटरनेट के माध्यम से जनता इंटर कालेज का नंबर निकालकर प्रवक्ता राजेश पाठक को फोन किया और गांव के बारे में जानकारी मांगी। उस समय प्रवक्ता कक्षा 12 में अध्यापन कर रहे थे। मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए उन्होंने तुरंत कक्षा के विद्यार्थियों से इस गांव के बारे में पूछा।
एक छात्रा ने बताया कि उनके पिता पास ही में स्थित अशोक यादव के ईंट भट्ठे पर कार्य करते हैं। प्रवक्ता ने तुरंत छात्रा के पिता को फोन कर मामले की जानकारी दी। छात्रा के पिता की मदद से भट्ठे के रिकार्ड खंगाले गए और फिर भट्टा मालिक अशोक के माध्यम से लापता महिला के पति रामतीरथ यादव तक संदेश पहुंचाया गया। महज 15 मिनट के अंदर रामतीरथ का संपर्क राजस्थान स्थित संस्था से हो गया, यहां परिवारजन के नाम और हुलिए के आधार पर किरण की पहचान हुई।
संस्था के पदाधिकारियों ने प्रवक्ता राजेश का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि उन्होंने कई अन्य नंबरों पर भी संपर्क किया था, लेकिन किसी ने सहयोग नहीं किया। अब किरण को सकुशल श्रावस्ती उनके घर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।