विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रावस्ती के खेतों की पराली से सीतापुर में बनेगी बायोगैस, आधुनिक मशीनों ने दूर की किसानों की टेंशन

Published: Sat, 21 Nov 2026 01:38 PM (IST)

श्रावस्ती के खेतों से पराली अब आधुनिक मशीनों द्वारा एकत्र की जा रही है, जिससे किसानों को पराली जलाने की समस्या से मुक्ति मिल रही है। यह पराली सीतापुर में बायोगैस बनाने वाली कंपनी को बेची जा रही है, जो पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आय में सहायक है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. श्रावस्ती के खेतों से पराली का आधुनिक मशीनों से प्रबंधन।

  2. एकत्रित पराली सीतापुर में बायोगैस उत्पादन के लिए भेजी जा रही।

  3. किसानों को पराली जलाने की समस्या से मिली बड़ी राहत।

भुवनेश्वर वर्मा, सोनवा(श्रावस्ती)। पराली प्रबंधन किसानों के लिए बड़ी समस्या होती है। अब इसका आसान समाधान मिल गया है। श्रावस्ती जिले के खेतों में रामपुर जिले की कंपनी आधुनिक तकनीक की मदद से पराली एकत्र कर रही है। इस पराली से सीतापुर में बायोगैस बनेगी। रामपुर जिले की ढिल्लो एग्रो इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के मालिक बलविंदर सिंह 20 लोगों की टीम के साथ गिलौला क्षेत्र के 10-12 गांवों में किसानों से संपर्क कर उनके खेतों की पराली का मशीनों से प्रबंधन करा रहे हैं।

इसे गिलौली स्थित संकल्प जैविक फार्म हाउस में अमृत लाल वर्मा के यहां एकत्र किया जाता है। यहां से सीतापुर जिले की जिंद सीबीजी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी इसे खरीदकर ले जाती है। किसान राम गोपाल कैराती ने बताया कि धान कटने के बाद पराली खेत में पड़ी रहने से अगली फसल की तैयारी में देरी होती है। इसे जलाने पर मुकदमे का भी डर रहता है। मशीनों से पराली उठना बड़ी राहत है।

ऐसे खेत से फैक्ट्री तक पहुंचती है पराली
पहले रोटरी स्लेशर से पराली काटी जाती है। इसके बाद उसे एक दिन सुखाने के लिए खेत में छोड़ दिया जाता है। फिर रैकर मशीन से पराली को एक लाइन में समेटा जाता है। राउंड बेलर से करीब चार-चार क्विंटल के बड़े बंडल तैयार होते हैं। आटोमेटिक ट्राली से इनकी लोडिंग होती है। इसमें मजदूरों की जरूरत नहीं पड़ती।

सात हजार क्विंटल पराली का हुआ प्रबंधन
गिलौला क्षेत्र के ककंधू, बरदेहरा, गिलौली, उत्तमापुर, हन्नामार, रत्नापुर, केशवापुर पजावा, दूबकला और हुसैनपुर खुरुहरी समेत गांवों के किसानों के खेतों से पराली उठाई जा चुकी है। सात दिनों में करीब सात हजार क्विंटल पराली प्रबंधन हुआ है। प्रतिदिन करीब 50 एकड़ खेतों की पराली एकत्र होती है। बड़े प्लाट मिलने पर यह क्षमता 60 से 65 एकड़ तक पहुंच जाती है।

मक्के की पराली से भी बनेगी बायोगैस
ढिल्लो एग्रो इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के मालिक ने बताया कि धान के बाद मक्के की पराली के प्रबंधन में भी काफी संभावनाएं हैं। मक्के की पराली अधिक निकलती है। धान और मक्के की पराली से बायोगैस बनाने के बाद अवशेष से जैविक खाद तैयार की जाती है।

यह भी पढ़ें- श्रावस्ती में छठ व्रत का हजारों महिलाओं ने किया पारण, सूर्य की उपासना कर पूरा किया 36 घंटे का उपवास

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।