श्रावस्ती में छठ व्रत का हजारों महिलाओं ने किया पारण, सूर्य की उपासना कर पूरा किया 36 घंटे का उपवास
श्रावस्ती में छठ घाटों पर व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

लोकगीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और 36 घंटे के व्रत का पारण किया गया।
जागरण टीम, श्रावस्ती। पूरब दिशा में सूरज की पहली लालिमा बिखरते ही छठ घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सरोवरों व नदी तटों पर जल में खड़े होकर व्रती महिलाओं ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया तो लोकगीतों की मधुर स्वर लहरियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। ‘उग हे सूरज देव, भइल भिनसरवा, अरघ के बेरवा हो...’ और ‘कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाय’, घाट सजेवली मनोहर, मइया तोरा भक्ति अपार, लिहिएं अरघ हे छठी मइया, दिहीं आशीष हजार जैसे पारंपरिक गीतों के बीच छठी मैया की आराधना कर व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
सोमवार की भोर से ही नदी व सरोवरों के घाटों पर श्रद्धालुओं की चहल-पहल शुरू हो गई थी। सूप और दउरा में सजे मौसमी फल, ठेकुआ, गन्ना और पूजन सामग्री के साथ व्रती महिलाएं घाटों पर पहुंचीं। जल में खड़े होकर सूर्य की पहली किरण का इंतजार करती व्रतियों की आस्था के रंग से सरोवरों के घाट सराबोर दिखे। सूर्यदेव को अर्घ्य देने के साथ ही घाटों पर छठी मैया के जयकारे गूंज उठे।
गब्बापुर घाट पर भोर में ही छठी मैया का आशीर्वाद लेने प्रधान रवि त्रिपाठी के साथ पहुंचे जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने कहा कि लोकगीतों, पारिवारिक सहभागिता और सामूहिक आस्था प्रकृति से जुड़े इस पर्व की विशेषता है। इकौना नगर, सीताद्वार झील, भिनगा नगर के सर्वामाई धाम, गिलौला के सोनवा तालाब समेत अन्य गांवों में स्थित पूजा स्थल पर व्रतियों ने उदित होते सूर्य देव को अर्घ्य देकर विधि-विधान से 36 घंटे के व्रत का पारण किया।