देवरिया में छठ घाट पर अर्घ्य देते समय अचेत होकर गिरी महिला, हॉस्पिटल ले जाते समय हुई मौत
देवरिया में छठ पूजा के दौरान अर्घ्य देने के बाद महिला अचेत होकर गिर गई। स्वजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत्यु घोषित कर दिया।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
छठ घाट पर अर्घ्य के बाद एक महिला अचेत होकर गिरी।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया।
दूसरी महिला की छठ व्रत के बाद भोजन करते समय मौत।
जागरण संवाददाता, सलेमपुर। छठ घाट पर छोटी गंडक नदी में अर्घ्य देने के बाद एक महिला अचेत होकर गिर गई। आनन फानन में स्वजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत्यु घोषित कर दिया। उसके बाद परिवार के लोगों शव लेकर घर चले गए। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के देवरिया उर्फ शामपुर गांव की प्रेम शीला देवी (47) पत्नी दीनानाथ गौड़ सोमवार की भोर में नवलपुर छठ घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए छोटी गंडक नदी के किनारे खड़ी थीं।
अर्घ्य देने के बाद सुबह करीब 6.30 बजे अचानक अचेत होकर गिर पड़ीं। यह देख स्वजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर ले गए, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद स्वजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर घर चले गए। स्वजन के अनुसार, प्रेम शीला देवी का शुगर का इलाज चल रहा था। वह छठ व्रत रखी थी, जिसके चलते दवा भी नहीं खाई थीं। सुबह अर्घ्य देने के बाद वह गिर गई। जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
छठ व्रत के बाद भोजन करते समय महिला की मौत
लार थाना क्षेत्र के बरवां गांव निवासी श्रीमल प्रसाद की पत्नी बदामी देवी (65) सोमवार को छठ व्रत थीं। सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद घर पहुंचकर वह भोजन कर रही थीं। इसी दौरान अचानक पीछे की ओर गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई। स्वजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।