बारिश बनी आफत: श्रावस्ती में घर पर पेड़ गिरने से एक की मौत, 6 घायल; खतों में बिछीं धान-गन्ने की फसलें
मौसम की बेरुखी से श्रावस्ती में भारी तबाही हुई, जिसमें तेज हवा और बारिश के कारण एक व्यक्ति की मौत ...और पढ़ें

HighLights
तेज हवा और बारिश से श्रावस्ती में भारी तबाही।
पेड़-पोल गिरने से एक की मौत, छह लोग घायल।
धान व गन्ने की फसलें खेतों में बिछीं, बिजली गुल।
जागरण टीम, श्रावस्ती। मौसम की बेरुखी ने शनिवार को पूरे जिले में जमकर तबाही मचाई। तेज हवा और बारिश के बीच दीवार व पोल गिरने से सात लोग घायल हो गए। इसमें एक की मौत हो गई। धान व गन्ने की फसल खेत में बिछ गईं। सड़कों पर पेड़ और टहनियां गिरने से आवागमन बाधित हुआ।
बिजली गुल होने से पूरे जिले में हाहाकार मचा रहा। पेयजल व संचार व्यवस्था ठप रही। तेज हवाओं के चलते लोग घरों से निकलने से बचते रहे। जिले में 101 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। राप्ती बैराज पर नदी खतरे के निशान 127.70 सेंटीमीटर से 70 सेमी ऊपर बह रही है।
सोनवा क्षेत्र के लोनियनपुरवा गांव में तेज हवा के झोंके से हरिराम चौहान के घर पर गूलर का पेड़ गिर गया। अंदर मौजूद हरीराम व उनका बेटा अमरनाथ, बहू मीना, पौत्र सुनील तथा मल्हीपुर के लखैहा निवासी रिश्तेदार दयाराम व कलावती घर के मलबे के नीचे दब गए। आसपास के लोगों ने मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला। दयाराम को एंबुलेंस से जिला अस्पताल बहराइच भेजा गया।
पांच लोगों को तुलसीपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बहराइच में इलाज के दौरान दयाराम की मौत हो गई। जमुनहा तहसीलदार भीमचंद्र ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। बहराइच जिले के रिसिया के महोरवा गांव निवासी रक्षाराम शनिवार की सुबह बारिश के बीच बाइक से सोनवा क्षेत्र के लक्ष्मननगर गांव स्थित रिश्तेदार फोटोलाल के यहां से अपनी पत्नी फूलकुमारी व बड़े भाई अरविंद के साथ पकड़िया गांव स्थित बेटी के घर जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी में बनेंगे 35 रोड-फ्लाईओवर और बाईपास, आगरा-रामपुर सहित इन जिलों की सड़कों का होगा चौड़ीकरण
दुलहिया गांव के पास बाइक रोक कर लघुशंका करने लगे। इसी दौरान सड़क किनारे लगा बिजली पोल उनके ऊपर गिर गया। इससे गंभीर रूप से घायल हो गए। गिलौला सीएचसी से बहराइच रेफर किया गया है। तेज हवा संग हो रही बारिश से खेत में फसल गिर गई। जिला प्रशासन की ओर से भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें- यूपी के सभी सरकारी कर्मचारियों को पूरे करने होंगे दो कोर्स, मुख्य सचिव ने जारी किया आदेश
डीएम अन्नपूर्णा गर्ग व एसपी राहुल भाटी ने अति संवेदनशील गांव का निरीक्षण किया। अशरफ नगर गांव व मधवापुर घाट पहुंच कर नदी की स्थिति देखी। एसडीएम आशीष भारद्वाज व ग्राम प्रधानों को स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए।
