यूपी में बनेंगे 35 रोड-फ्लाईओवर और बाईपास, आगरा-रामपुर सहित इन जिलों की सड़कों का होगा चौड़ीकरण
मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में गठित उच्च स्तरीय समिति ने उत्तर प्रदेश में 35 महत्वपूर्ण सड़क और फ्लाईओवर ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
35 सड़क और फ्लाईओवर परियोजनाओं को मिली स्वीकृति।
पैसेंजर कार यूनिट (पीसीयू) मानकों में ढील दी गई।
निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरे होंगे।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में गठित उच्च स्तरीय समिति ने प्रदेश की 35 महत्वपूर्ण सड़क और फ्लाईओवर परियोजनाओं में पैसेंजर कार यूनिट (पीसीयू) के मानकों को शिथिल करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है।
समिति का अनुमोदन मिलने के बाद अब विभिन्न जिलों में प्रस्तावित बाईपास, सड़कों का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण, फ्लाईओवर और संपर्क मार्गों का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा सकेगा। मुख्य सचिव ने परियोजनाओं का कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
गुणवत्ता में ना हो कोई समझौता
बुधवार को आयोजित समिति की बैठक में मुख्य सचिव ने निर्माण परियोजनाओं में उच्च विशिष्टताओं और पीसीयू शिथिलीकरण के प्रस्तावों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए और गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें- यूपी के सभी सरकारी कर्मचारियों को पूरे करने होंगे दो कोर्स, मुख्य सचिव ने जारी किया आदेश
अनुमोदित परियोजनाओं में आगरा, अंबेडकरनगर, बुलंदशहर, देवरिया, एटा, फतेहपुर, उरई और रामपुर जिलों में बाईपास का निर्माण शामिल है। इसके अलावा, अलीगढ़, चंदौली, गोरखपुर, मुरादाबाद, अमेठी, चित्रकूट, उन्नाव, अयोध्या, हापुड़, मिर्जापुर, प्रयागराज और फतेहपुर जिलों में मार्गों का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण और नवनिर्माण के प्रस्तावित कार्य शामिल हैं।
गोरखपुर, लखनऊ और प्रयागराज में फ्लाईओवर निर्माण के लिए भी पीसीयू शिथिलीकरण के प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया। बैठक में प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग अजय चौहान, सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विजय किरन आनंद तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
