Weather Update: शामली में बारिश से दिन की शुरुआत, गर्मी से लोगों को मिली राहत, जलभराव से परेशान हुए शहरवासी
शामली में बदला मौसम का मिजाज सुबह से लगी बारिश की झड़ी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले दो दिन और बरसात पड़ सकती है। तेज हवाएं चलेंगी। बादल छाए रहने से दिन के तापमान में अधिक बढ़ोत्तरी होने की कम संभावनाएं हैं।
शामली, जागरण संवाददाता। शामली जिले में पश्चिमी विक्षाभ का असर देखने को मिला। मौसम का मिजाज शनिवार को शामली में बदल गया। देर रात तेज हवा चली, जिसके बाद अलसुबह से बारिश की झड़ी लगी हुई है। बारिश के कारण गर्मी से राहत मिली है।
बीते कई दिनों से शामली में भीषण गर्मी पड़ रही थी इस कारण अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया था। गर्मी की वजह से आम जनजीवन अस्त व्यस्त था लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। वही शनिवार की सुबह जब लोग नींद से जागे तो बारिश की झड़ी लगने पर राहत महसूस की। उधर वर्षा के कारण नगर के कई मार्गो पर जलभराव की भी स्थिति देखने को मिली है।
आंधी के कारण कई जगह उखड़ गए पेड़
इससे पहले बिडौली में गुरुवार की शाम आई आंधी ने विद्युत व्यवस्था को चौपट कर दिया। आंधी के कारण क्षेत्र में कई जगह पेड़ टूटकर विद्युत लाइन पर गिर गई जिससे घंटों तक विद्युत व्यवस्था बाधित रही। बाद में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने व्यवस्था को सुचारू किया। बिडौली क्षेत्र में गुरुवार की शाम आंधी लोगों के आफत बनकर आई। इस दौरान कई जगह पेड़ टूटकर बिजली लाइन पर गिर गए, जबकि कई जगह होर्डिंग जड़ से ही उखड़ गए।
कई गांवों में टूटी बिजली की सप्लाई
मेरठ-करनाल हाईवे स्थित वेदखेड़ी तिराहे के निकट बिजली के तारों पर पेड़ की एक शाखा टूटकर गिर गई। इससे कई गांव की विद्युत सप्लाई बाधित रही। सुबह 10 बजे के करीब विभाग की टीम ने विद्युत लाइन पर पड़ी पेड़ शाखा को हटाकर विद्युत सप्लाई सुचारू की। तब जाकर गांव में बिजली पहुंची। आंधी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।