सपा ने कैराना से फिर नाहिद हसन पर लगाया दांव, हार से हुई थी शुरुआत; फिर लगाई जीत की हैट्रिक
समाजवादी पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कैराना से वर्तमान विधायक नाहिद हसन को फिर उम्मीदवार बनाया है।

नाहिद हसन
HighLights
सपा ने नाहिद हसन को कैराना से 2027 का उम्मीदवार बनाया।
नाहिद हसन ने कैराना सीट से जीत की हैट्रिक लगाई है।
शुरुआती हार के बाद नाहिद ने लगातार तीन चुनाव जीते।
आकाश शर्मा, शामली। विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी ने अपने पत्ते खोलने शुरू कर दिए हैं। पार्टी की ओर से जारी की गई पहली सूची में शामली जिले की चर्चित कैराना विधानसभा से वर्तमान विधायक नाहिद हसन को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया गया है। टिकट की घोषणा होते ही कैराना के सियासी गलियारों और उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह है। इंटरनेट मीडिया पर समर्थक उन्हें बधाई दे रहे हैं।
कैराना की राजनीति में हसन परिवार का दशकों पुराना रसूख रहा है। हसन परिवार की तीसरी पीढ़ी नाहिद हसन के लिए 2027 का यह रण बेहद खास है, क्योंकि वे पहले ही कैराना विधानसभा सीट से जीत की हैट्रिक लगा चुके हैं। हालांकि, उनका चुनावी सफर हमेशा आसान नहीं रहा है।
शुरुआती दो चुनावों में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था। नाहिद हसन ने अपने राजनीतिक करियर में अब तक कुल पांच चुनाव लड़े हैं, जिनमें से शुरुआती दो चुनावों में उन्हें हार मिली, जबकि पिछले तीन विधानसभा चुनावों में उन्होंने कैराना से जीत दर्ज की है। साल 2022 के चुनाव में जमा किए हलफनामे के अनुसार नाहिद हसन के खिलाफ गैंग्स्टर एक्ट समेत 16 मुकदमें दर्ज है। उन्होंने आस्ट्रेलिया से बीबीए की पढ़ाई की है।

पहले दो चुनाव हार गए थे नाहिद
नाहिद हसन ने अपना पहला चुनाव सहारनपुर की गंगोह विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ा था। दरअसल, पहले बसपा ने उन्हें टिकट दिया था, लेकिन अंतिम समय पर टिकट कटने के बाद वे निर्दलीय मैदान में उतरे और 33,288 वोट पाकर चौथे स्थान पर रहे।
इस चुनाव में कांग्रेस के प्रदीप कुमार विजयी हुए थे। इसके बाद 2014 के चुनाव में समाजवादी पार्टी ने नाहिद हसन को कैराना लोकसभा सीट से अपना प्रत्याशी बनाया, लेकिन मोदी लहर और मुजफ्फरनगर दंगों के बाद हुए ध्रुवीकरण के बीच उन्हें भाजपा के दिग्गज नेता बाबू हुकुम सिंह के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
2014 से अब तक लगातार है विधायक
मई 2014 में हुकुम सिंह के सांसद बनने के बाद कैराना विधानसभा सीट खाली हुई। साल के अंत में हुए उपचुनाव में सपा ने फिर नाहिद पर भरोसा जताया। नाहिद ने भाजपा प्रत्याशी अनिल चौहान को शिकस्त देकर पहली बार विधानसभा पहुंचे। साल 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान पूरे प्रदेश में भाजपा की प्रचंड लहर होने के बावजूद नाहिद हसन ने सपा के टिकट पर कैराना सीट से दूसरी बार जीत दर्ज की।
वहीं 2022 विधानसभा चुनाव के दौरान गैंग्स्टर एक्ट के तहत जेल में बंद होने के बावजूद सपा ने नाहिद हसन को ही उम्मीदवार बनाया। जेल में रहते हुए उन्होंने भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह को हराकर कैराना से जीत की हैट्रिक पूरी की। इस चुनाव में उनकी बहन और वर्तमान सांसद इकरा हसन ने भाई नाहिद हसन के लिए प्रचार किया था। 2022 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह के लिए चुनाव प्रचार करने गृह मंत्री अमित शाह आए थे।
सीट बंटवारे समिति में सदस्य हैं सांसद इकरा हसन
आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीट बंटवारे (टिकट वितरण) पर चर्चा करने के लिए एक चार सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। प्रो. रामगोपाल यादव की अध्यक्षता वाली इस प्रमुख कमेटी में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और सांसद राजीव राय के साथ सांसद इकरा हसन को भी सदस्य बनाया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।