पलंगतोड़ मिठाई खाते ही विदेशियों में भर गया जोश, पहले ही दिन 50 हजार की बिक्री, डीएम भी करने लगे तारीफ
अंतरराष्ट्रीय यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में शामली के उत्पादों, विशेषकर प्रसिद्ध पलंग तोड़ मिठाई को खूब सराहना मिली। विदेशी खरीदारों ने इनमें गहरी रुचि दिखाई।

ट्रेड शो के दौरान पलंग तोड़ मिठाई खरीदती जापान से आई मेहमान। सौ. स्वयं
HighLights
शामली के उत्पादों को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में सफलता मिली।
विदेशी खरीदारों ने पलंग तोड़ मिठाई और माचिस में रुचि दिखाई।
डीएम शामली ने पलंग तोड़ मिठाई को वैश्विक पहचान बताया।
जागरण संवाददाता, शामली। ग्रेटर नोएडा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में शामली के उद्योग को सफलता मिलने की उम्मीद है। संभावना है कि विदेशों तक भी यहां का व्यापार बढ़ेगा। वहीं विदेशी मेहमानों को शामली की प्रसिद्ध मिठाई पलंगतोड़ भी खूब पसंद आई।
शामली के प्रमुख उद्यमी अनुज गर्ग ने बताया कि यूपी सरकार की यह अच्छी पहल है। इस प्रतिष्ठित आयोजन में शामली की कुल 10 प्रमुख कंपनियां और खाद्य इकाइयां अपने उत्पादों को प्रदर्शित कर रही हैं, जिन्हें देखने और खरीदने के लिए न केवल देश भर के व्यापारी, बल्कि विदेशी खरीदारों का भी भीड़ सभी स्टाल पर लगी हुई है।
पहले माचिस ने लगाई 'आग'
ट्रेड शो में अमर स्प्लिंट्स प्राइवेट लिमिटेड, बेजरिका प्राइवेट लिमिटेड, कैरा डाइम हेल्थ केयर एलएलपी, आरव एग्रो फूड्स, श्री आयुर्वेदिक संस्थान और अंकित हैंडलूम जैसी कंपनियों के स्टाल लगाए गए हैं। उद्यमी अनुज गर्ग ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित यह ट्रेड शो स्थानीय उद्योगों के वैश्विक प्रसार के लिए एक बेहतरीन जरिया साबित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में आ रहे अंतरराष्ट्रीय खरीदार शामली की मशहूर माचिस और अन्य विनिर्मित उत्पादों में काफी दिलचस्पी दिखा रहे हैं, जिससे आने वाले समय में जिले से बड़े पैमाने पर निर्यात बढ़ने की नई संभावनाएं खुल गई हैं।
पलंगतोड़ मिठाई ने बढ़ाई सेल
औद्योगिक उत्पादों की धूम के बीच एक जनपद एक व्यंजन श्रेणी में भी शामली की मिठास को भी विदेशी मेहमानों ने खूब पसंद किया। कैराना की मशहूर साधु स्वीट्स और अग्रवाल स्वीट्स के स्टाल्स पर खुदरा बिक्री रोजाना नए रिकॉर्ड बना रही है। अग्रवाल स्वीट्स के संचालक अशोक ने बताया कि पहले दिन उनकी 50 हजार रुपए की सेल हुई। अगले दो दिनों में दो लाख रुपए की सेल होने की उम्मीद है।
वहीं, साधु स्वीट्स के संचालक राकेश गर्ग ने बताया कि ट्रेड शो के पहले ही दिन से उनके स्टाल पर ग्राहकों की भीड़ बनी हुई है। बताया कि उनके स्टाल पर कई तरह की पारंपरिक मिठाइयां उपलब्ध हैं, लेकिन खरीदारों और विदेशी मेहमानों के बीच पलंगतोड़ की मांग है। खासतौर पर हाल नंबर 17 में ठहरे वियतनाम, रूस, बेलारूस के विदेशी व्यापारी इन मिठाइयों के स्वाद के मुरीद हो गए हैं। पहले दिन उनकी सेल हुई।
डीएम बोले- शामली का प्रतिनिधित्व कर रही पलंगतोड़ मिठाई
वहीं, डीएम शामली आलोक यादव की ओर से भी ट्रेड शो को लेकर एक्स पर पोस्ट की गई। डीएम ने लिखा कि शामली की मिठास पर देश दुनिया के मंच पर। शामली की प्रसिद्ध मिठाई पलंगतोड़ देश दुनिया में शामली का प्रतिनिधित्व कर रही है। इस शो के माध्यम से अब शामली का पारंपरिक स्वाद वैश्विक पटल पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
