विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्योहारों में मिठाई खरीदने से पहले रहें सावधान! पंजाब में 216 पनीर-खोया के नमूने जांच के लिए भेजे

Published: Mon, 21 Sep 2026 04:30 PM (IST)

त्योहारी सीजन से पहले पंजाब में खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर, खोया, मिठाई और बेकरी उत्पादों की गुणवत्ता पर निगरानी ...और पढ़ें

त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बढ़ाई निगरानी। फोटो जागरण

त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बढ़ाई निगरानी। फोटो जागरण

रोहित कुमार, चंडीगढ़। त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले पंजाब में पनीर, खोया, मिठाई और बेकरी उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। 12 और 13 सितंबर को प्रदेशभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पनीर और खोया के 216 नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।

वहीं 19 और 20 सितंबर को मिठाई और बेकरी उत्पादन इकाइयों में हुई 250 जांचों में नियमों की अनदेखी करने वालों को 101 सुधार नोटिस और 20 चालान जारी किए गए।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) पंजाब की कमिश्नर कंवलप्रीत बराड़ के अनुसार, पनीर और खोया के लिए लिए गए सभी 216 नमूनों को विस्तृत जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। इनकी रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम व नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मिठाई-बेकरी इकाइयों में सफाई की जांच

त्योहारों में मिठाइयों और बेकरी उत्पादों की मांग बढ़ने को देखते हुए एफडीए की टीमों ने उत्पादन इकाइयों में विशेष रूप से सफाई और स्वच्छता व्यवस्था की जांच की। जिन इकाइयों में नियमों का पालन नहीं मिला, उन्हें सुधार नोटिस दिए गए। गंभीर अथवा नियमों के उल्लंघन वाले मामलों में मौके पर ही 20 चालान काटे गए।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. बलबीर सिंह ने खाद्य कारोबारियों को कच्चे माल की खरीद और भंडारण से लेकर खाद्य पदार्थ तैयार करने तक स्वच्छता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।

जांच रिपोर्ट बताएगी नमूनों की गुणवत्ता

पनीर और खोया के 216 नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इनमें से कितने नमूने निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हैं। विभाग ने फिलहाल नमूने प्रयोगशाला भेजे हैं और रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।

एफडीए कमिश्नर ने कहा कि त्योहारों के दौरान जांच अभियान जारी रहेगा। विभाग की टीमें खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी के साथ औचक निरीक्षण भी करेंगी। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि वे मिठाई, डेयरी और बेकरी उत्पाद विश्वसनीय दुकानों से ही खरीदें।