'मरीज छोड़ो, पहले मेरे बकरे को बचाओ, इसे सांप ने डस लिया है'; शामली CHC पहुंचे युवक का रवैया देख डॉक्टर रह गए दंग
Shamli News: शामली में एक युवक अपने सांप द्वारा डसे बकरे को बचाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया ...और पढ़ें

सीएचसी शामली में बकरा लेकर पहुंचा युवक। सौ.सीसीटीवी
HighLights
डॉक्टरों से इंसानों से पहले बकरे के इलाज की गुहार लगाई।
सीएचसी ने पशुओं के इलाज से इन्कार कर वापस भेजा।
जागरण संवाददाता, शामली। सांप के डसने के बाद बकरे को बचाने के लिए युवक बकरा लेकर सीएचसी शामली (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) पहुंचा। चिकित्सक से बोला कि मरीज को छोड़ दीजिए पहले बकरे को वैक्सीन लगाओ इसको सांप ने डस लिया है।
शुक्रवार को सलेक विहार निवासी उजेफा पुत्र यूनुस के बकरे को टपराना पार्किंग में सांप ने डस लिया। बकरे की जान खतरे में देख उजेफ़ा तुरंत उसे लेकर पशु चिकित्सालय पहुंचा और चिकित्सक से एंटी-वेनम वैक्सीन लगाने की गुहार लगाई। हालांकि, पशु अस्पताल के कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए उसे सीएचसी शामली भेज दिया और दावा किया कि सांप डसने के टीके वहीं मिलते हैं।
इसके बाद पीड़ित बकरे को लेकर सीएचसी शामली के चिकित्सा अधीक्षक के कक्ष में पहुंच गया। उसने गुहार लगाई कि उसके बकरे को सांप के डस लिया है। मरीज को बाद में देख लेना पहले इसका उपचार कर दो। इस दौरान उसका रवैया देख वहां मौजूद चिकित्सक दंग रह गए। हालांकि सीएचसी के चिकित्सक ने यह कहकर मना कर दिया कि यह इंसानों का अस्पताल है, पशुओं के इलाज के लिए पशु चिकित्सालय ले जाओ। पीड़ित ने बताया कि उसे पशु अस्पताल वालों ने ही यहां भेजा है। इसके बाद वापस उसको पशु अस्पताल भेजा गया।
चार काटते समय किशोरी को सांप ने डसा, हालत बिगड़ी
बिजनौर। अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव हसनपुर निवासी किशोरी को चारा काटते समय सांप ने डस लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। स्वजन ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया।
गुरुवार सुबह 15 वर्षीय ज्योति पुत्री ओमपाल सिंह गांव के ही छत्रपाल सिंह के खेत में पशुओं के लिए चारा काटने गई थी। इस दौरान अचानक सांप ने उसके पैर में डस लिया।
हालत बिगड़ने पर स्वजन से उसे सीएचसी में भर्ती कराया। यहां पर चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू करते हुए उसे एंटी वेनम वैक्सीन लगाई। वहीं सीएचसी प्रभारी डा. सर्वेश निराला ने बताया कि सांप के डसने पर झाड़फूंक के चक्कर में न पड़े। उसे तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि समय पर उपचार मिलने से सर्पदंश के मरीज की जान बचाई जा सकती है। सीएचसी अफजलगढ़ में सर्पदंश के उपचार की सुविधा उपलब्ध है। कहा कि अस्पताल में भरपूर मात्रा में एंटी वेनम वैक्सीन है।
