विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

VIDEO: 'मेरी जिंदगी नरक हो गई है', पाकिस्तानी नंबर से आए मैसेज से हनी ट्रैप में फंसे युवक ने वीडियो कॉल कर दी जान

By Abhishek Kaushik Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 16 Apr 2026 07:52 PM (IST)

Shamli News : शामली के कांधला में एक 27 वर्षीय युवक ने हनी ट्रैप और फर्जी लोन ऐप के जाल ...और पढ़ें

HighLights

  1. शामली के मलकपुर निवासी युवक ने जहरीला पदार्थ निगलकर की आत्महत्या।

  2. ब्लैकमेलरों ने अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी दी, पैसे वसूले।

संवाद सूत्र, कांधला (शामली)। सोशल मीडिया पर हनी ट्रैप और फर्जी लोन एप के जाल में फंसकर 27 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मानसिक रूप से टूट चुके युवक ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले दो वीडियो बनाकर अपनी पूरी बात बताई और अपने भाइयों से माता-पिता व मासूम बच्चों का ख्याल रखने की अपील की।

स्वजन ने आरोपितों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। बताया कि काल आने वाले नंबरों में शुरुआत में प्लस-92 कोड है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि काल पाकिस्तान से आए थे।

कांधला क्षेत्र के गांव मलकपुर निवासी बिलाल ने 14 अप्रैल को दोस्तों और बहनों को वाट्सएप पर दो वीडियो भेजे थे, जिसमें उसने रोते हुए कहा कि कुछ फर्जी एप और झूठे लोन के जाल ने उसकी जिंदगी नरक बना दी है और वह मजबूर होकर मौत को गले लगा रहा है।

वीडियो देखने के बाद जब स्वजन ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, तो फोन नहीं लगा। काफी खोजबीन के बाद बिलाल का शव गांव के पास खेत में मिला। गमगीन माहौल में स्वजन ने शव को सिपुर्द-ए-खाक कर दिया, लेकिन गुरुवार को जब बिलाल के छोटे भाई सुहेल ने मृतक का मोबाइल अनलाक कराया तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

यह भी पढ़ें- डिजिटल अरेस्ट कर ग्रामीण से 76.24 लाख रुपये ठगे, अवैध सिम जारी होने के नाम पर डराया

बिलाल के वाट्सएप पर छह से अधिक ऐसे नंबरों से मैसेज और काल आए हुए थे, जिनकी शुरुआत प्लस- 92 से हो रही थी। प्लस-92 पाकिस्तान का कंट्री कोड है, जिससे इस मामले के तार सीमा पार से जुड़े होने की आशंका गहरा गई है। ब्लैकमेलर युवक के फोटो को अश्लील फोटो के साथ एडिट कर उसे वायरल करने की धमकी दे रहे थे।

जांच में पता चला कि बिलाल ने बदनामी के डर से पिछले कुछ दिनों में अलग-अलग खातों में तीन लाख रुपये से अधिक की रकम भेजी थी। मजदूरी करने वाला बिलाल ब्लैकमेल करने वालों की बढ़ती मांगों और मानसिक उत्पीड़न को सहन नहीं कर सका। उसके भाई ने बताया कि अब भी उन विदेशी नंबरों से काल आ रही हैं और युवक के एडिटेड अश्लील फोटो भेजकर रुपयों की मांग की जा रही है।

जब स्वजन उनसे बात करते हैं तो वे गाली-गलौज और अभद्रता पर उतारू हो जाते हैं। मृतक अपने पीछे तीन छोटे बच्चे छोड़ गया। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि स्वजन की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है, और साइबर सेल की मदद से नंबरों की जांच की जा रही है। पुलिस इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश करने के प्रयास में जुटी है.