'यह जो कुत्ता बैठा है, यह पूर्व का थाना प्रभारी है,' शामली में आरोपित ने पुलिसकर्मियों से की अभद्रता; मुकदमा दर्ज
Shamli News: जनसुनवाई के दौरान शामली में एक आरोपित ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता की। पुलिस ने आरोपित और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
कुत्ते की तरफ इशारा करते हुए कहे अपशब्द।
जाम लगाने में नामजद आरोपित ने की अभद्रता।
जागरण संवाददाता, शामली। जनसुनवाई के दौरान थानेदार को अपशब्द कहने का मामला सामने आया है। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपित ने थाना परिसर में बैठे एक कुत्ते की तरफ इशारा करते हुए कहा कि यह जो कुत्ता बैठा है, यह पूर्व का थाना प्रभारी है। इसके बाद वह भाग गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
21 अगस्त को सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद लोगों ने गोहनी रोड पर शव रखकर जाम लगाया था। इस मामले में आदर्श मंडी थाने के दारोगा मोहित कुमार ने जाम लगाने वाले गढ़ीपुख्ता के नीरज कश्यप समेत 10 नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार को जनसुनवाई के दौरान आरोपित नीरज कश्यप अपने एक साथी के साथ थाने आया और पुलिसकर्मियों के साथ पूर्व के मुकदमे को लेकर अभद्रता करने लगा। उसने जनसुनवाई को बाधित कर दिया। उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। फरार आरोपित की तलाश जारी है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर भड़काऊ पोस्ट करने वाले 50 सोशल मीडिया अकाउंट चिन्हित, संचालकों पर होगा मुकदमा
वाहन चोरी में नामजद आरोपित गिरफ्तार
झिंझाना। थाना झिंझाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में नामजद आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 30 मई को लपराना निवासी संदीप कुमार की स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। मामले में पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।रविवार को पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान नामजद आरोपित कपिल पुत्र कंवरपाल सिंह निवासी बरवाला, थाना शाहपुर, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपित के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
