विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शामली में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने बस में की तोड़फोड़

Published: Mon, 23 Nov 2026 12:48 AM (GMT+05:30)

शामली में देर रात रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार 26 वर्षीय राजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई जुबैर गंभीर रूप से घायल हो गया। 

News Article Hero Image

HighLights

  1. रोडवेज बस ने बाइक सवार दो भाइयों को टक्कर मारी।

  2. हादसे में राजा की मौके पर ही मौत, जुबैर घायल।

  3. गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ कर हंगामा किया।

जागरण संवाददाता, शामली। वीवी इंटर कॉलेज रोड पर रविवार देर रात तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में 26 वर्षीय राजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई 24 वर्षीय जुबैर गंभीर रूप से घायल हो गया।

युवक की मौत की सूचना मिलते ही स्वजन और परिचितों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ करते हुए आग लगाने का प्रयास किया। करीब 1 घंटे तक हंगामा होता रहा। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

राजा मूल रूप से सहारनपुर के हाकमशाह मुहल्ला का निवासी था। उसका शामली के राजो मुहल्ला में भी मकान है। रविवार देर रात वह अपने छोटे भाई जुबैर और वसीम के साथ बाइक से किसी काम से शहर की ओर जा रहा था। वीवी इंटर कालेज रोड पर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनो भाई सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में राजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जुबैर को गंभीर हालत में उपचार के लिए भेजा गया। वसीम को मामूली चोट आई। उसने स्वजन को सूचना दी। हादसे के बाद बस चालक और परिचालक बस छोड़कर फरार हो गए।

राजा की मौत की सूचना मिलते ही स्वजन और परिचित घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने रोडवेज बस में तोड़फोड़ कर आग लगाने का प्रयास किया। उन्होंने बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए करीब एक घंटे तक हंगामा किया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया और स्थिति को संभाला। मृतक के चचेरे भाई रहमान ने बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीओ जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है। मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, राजा की मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में शोक छाया हुआ है। राजा शादीशुदा था और उसके चार बच्चे भी है।

यह भी पढ़ें- शामली का जवान हरियाणा में प्रशिक्षण के दौरान शहीद, सैन्य सम्मान से अंतिम संस्कार, तीन बहनों का था एकलौता भाई

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।