मामौर झील पर प्रवासी परिंदों का बसेरा, साइबेरिया-अफ्रीका से पहुंचे हजारों विदेशी मेहमान; अद्भुत नजारा
कैराना की मामौर झील पर सर्दियों में हजारों किलोमीटर दूर से प्रवासी पक्षी आते हैं, जो झील की सुंदरता बढ़ाते हैं।

मामौर झील पर प्रवासी पक्षियों का बसेरा। (तस्वीर- जागरण)
HighLights
मामौर झील पर हजारों किलोमीटर दूर से प्रवासी पक्षी आते हैं।
शहर का गंदा पानी झील में प्रदूषण बढ़ा रहा है।
प्रदूषण से पक्षियों के सुरक्षित प्रवास पर खतरा मंडरा रहा है।
शगुन चौहान, कैराना (शामली)। सर्दियों की दस्तक के साथ ही कैराना की मामौर झील पर परिंदों की दुनिया आबाद होने लगी है। हजारों किलोमीटर का सफर तय कर विदेशी मेहमान यहां पहुंच रहे हैं।
कोई पानी की सतह पर अठखेलियां करता नजर आता है तो कोई उथले पानी में भोजन तलाशता दिखाई देता है। जलकुंभी के बीच विचरण करते रंग-बिरंगे पक्षी झील की खूबसूरती बढ़ा रहे हैं। लेकिन, इस खूबसूरत नजारे के पीछे एक चिंताजनक तस्वीर भी है।
जिस पानी और प्राकृतिक वातावरण की तलाश में ये परिंदे दूर देशों से यहां आते हैं, उसी झील में कैराना शहर का गंदा पानी पहुंचता है। प्रदूषण की मार झेल रही झील इन बेजुबान मेहमानों के लिए कितनी सुरक्षित रह पाएगी, यह बड़ा सवाल है।
गुरुवार को मामौर झील पर पर्पल हेरान, यूरेशियन कूट, ग्रे-हेडेड स्वैम्पहेन, पनडुब्बी और ग्लासी आइबिस पक्षी दिखाई दिए। इनके अलावा ब्लैक-विंग्ड स्टिल्ट यानी गजपांव, लिटिल ग्रीब समेत कई अन्य प्रजातियों के पक्षी भी झील की पक्षी विविधता बढ़ा रहे हैं।
सर्दियों में साइबेरिया, मंगोलिया, मध्य एशिया, आस्ट्रेलिया और अफ्रीका के विभिन्न क्षेत्रों से बार-हेडेड गूज, ग्रे-लेग्ड गूज, रूडी शेलडक, साइबेरियन क्रेन, ग्रे हेरान, व्हाइट टेल्ड ईगल, आस्ट्रेलियन स्वैम्पेन, कामन सैंडपाइपर, ईस्टर्न स्पाट-बिल्ड डक, नार्दर्न पिंटेल और पोचार्ड आदि प्रवासी पक्षी भी यहां पहुंचते हैं।
विदेशी मेहमानों के साथ रेड-वाटल्ड लैपविंग, इंडियन स्पाट-बिल्ड डक, नकटा, लिटिल कार्मोरेंट और कामन कूट जैसे स्वदेशी पक्षियों की भी मौजूदगी से झील की रौनक बढ़ रही है। हालांकि, प्रवासी पक्षियों के इस जमावड़े के बीच झील में पहुंच रहा शहर का गंदा पानी चिंता बढ़ा रहा है। इससे झील के प्राकृतिक वातावरण और पक्षियों के सुरक्षित ठहराव पर खतरा मंडरा रहा है।
झील की खूबसूरती पर गंदे पानी का ग्रहण
मामौर झील की पहचान प्रवासी पक्षियों के साथ जुड़ी है, लेकिन शहर के गंदे पानी की आवक इसके प्राकृतिक स्वरूप के लिए चुनौती बनी हुई है।
भले ही झील में जमा गंदे पानी को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से स्वच्छ कर यमुना में पहुंचाया जाता हो, लेकिन रोजाना शहर से आने वाले गंदे पानी के कारण झील को स्वच्छ रखने, जलकुंभी के अनियंत्रित फैलाव पर नियंत्रण और पक्षियों के सुरक्षित ठहराव के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। यदि समय रहते प्रदूषण पर रोक नहीं लगी तो झील की जैव विविधता पर इसका असर पड़ सकता है।
हजारों किलोमीटर का सफर, चार महीने का प्रवास
सर्दियों में विदेशी पक्षी अपने मूल क्षेत्रों में बर्फबारी और भोजन की कमी के कारण अनुकूल वातावरण की तलाश में निकलते हैं। साइबेरिया, मंगोलिया, मध्य एशिया, ऑस्ट्रेलिया और अफ्रीका के अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले पक्षी मामौर झील जैसे जलाशयों पर ठहरते हैं। अक्टूबर-नवंबर में शुरू होने वाला इनका प्रवास फरवरी के अंत तक चलता है। मौसम गर्म होने पर ये अपने पुराने ठिकानों की ओर लौट जाते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।