विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बर्फीले पहाड़ न समंदर... सर्दियों में चंबल की वादियां क्यों बनतीं विदेशी परिंदों का ठिकाना? यहां दिखता कुदरत का अनोखा नजारा

Published: Tue, 17 Nov 2026 06:25 PM (IST)

सर्दी बढ़ने के साथ ही हजारों किलोमीटर का सफर तय कर प्रवासी पक्षी चंबल नदी पहुंच गए हैं, जिससे यहां ...और पढ़ें

चंबल नदी के भरेह संगम पर बैठे कागोरेंट पक्षी। स्रोत वन विभाग

चंबल नदी के भरेह संगम पर बैठे कागोरेंट पक्षी। स्रोत वन विभाग 

HighLights

  1. सर्दी बढ़ने पर हजारों किलोमीटर दूर से चंबल पहुंचे प्रवासी पक्षी

  2. चंबल नदी का शांत, सुरक्षित वातावरण पक्षियों को खूब भा रहा

  3. वन विभाग दिसंबर से प्रवासी पक्षियों की गणना शुरू करेगा

देशराज यादव, चकरनगर (इटावा)। सर्दी की दस्तक के साथ ही चंबल नदी का प्राकृतिक सौंदर्य प्रवासी पक्षियों के कलरव से और निखर उठा है। बर्फीले इलाकों में ठंड बढ़ने के साथ विदेशी मेहमानों ने चंबल का रुख कर लिया है। नदी के शांत तट, पर्याप्त मछलियां और सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण इन पक्षियों को खूब भा रहा है।

चंबल और यमुना के संगम भरेह से लेकर पचनद तक नदी के विभिन्न घाटों पर पक्षियों की चहचहाहट सुनाई देने लगी है। इस बार सर्दी अधिक होने से प्रवासी पक्षियों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। इनका मनोहारी दृश्य देखने के लिए पर्यटक भी पहुंच रहे हैं।

17ETW_M_12_17112026_300.JPG

चंबल नदी के भरेह संगम पर बैठा पेलिकन पक्षियों का समूह। स्रोत वन विभाग   

कोटा से पचनद तक राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य

चंबल नदी का कोटा से पचनद तक करीब 625 किलोमीटर का क्षेत्र राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य के अंतर्गत आता है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, यहां प्रवासी और रहवासी पक्षियों की लगभग 325 प्रजातियां पाई जाती हैं। इनमें कई प्रजातियां दुर्लभ हैं और कुछ विलुप्ति के कगार पर हैं।

यूपी में पचनद तक चंबल का लगभग 165 किलोमीटर क्षेत्र

आगरा के पिनाहट स्थित रेहा गांव के पास राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमाएं मिलती हैं। यहीं से अभयारण्य क्षेत्र शुरू होता है। उत्तर प्रदेश में पचनद तक चंबल का लगभग 165 किलोमीटर क्षेत्र है।

रहवासी पक्षी चंबल में ही रहकर प्रजनन करते हैं

भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून के वरिष्ठ शोधकर्ता रोहित झा के मुताबिक, संस्थान ने मार्च 2020 में रेहा से पचनद तक पक्षियों का सर्वे कराया था। इसमें करीब 80 प्रजातियों के नौ हजार पक्षी मिले थे। रहवासी पक्षी चंबल में ही रहकर प्रजनन करते हैं, जबकि प्रवासी पक्षी सर्दियों में बर्फीले क्षेत्रों को छोड़कर यहां पहुंचते हैं।

दिसंबर से शुरू होगी इनकी गणना

भोजन की तलाश में ये नदी के संगम, गहरे पानी और घूम वाले स्थानों पर डेरा जमाते हैं, जहां उन्हें पर्याप्त मछलियां मिलती हैं। इस वर्ष पिछले साल की अपेक्षा अधिक पक्षियों के आने की संभावना है। वन विभाग दिसंबर के प्रथम सप्ताह से इनकी गणना शुरू करेगा।

भरेह संगम पर सबसे ज्यादा जमावड़ा

चकरनगर तहसील में चंबल और यमुना के संगम भरेह पर सबसे अधिक पक्षी दिखाई देते हैं। यहां मछलियों की पर्याप्त उपलब्धता इनके लिए अनुकूल माहौल तैयार करती है। इसके अलावा छिवरौली गांव के नीचे, लालपुरा के नीचे, पचनद संगम से पहले घूम और कसौआ घाट पर भी प्रवासी पक्षियों का जमावड़ा रहता है। वन्यजीव विशेषज्ञ डा. राजीव चौहान के अनुसार, चंबल में पक्षियों को सुरक्षित वातावरण मिलता है। यहां वे घोंसले बनाकर प्रजनन करते हैं और अपना कुनबा बढ़ाते हैं।

सुरक्षा के लिए बढ़ाई गश्त

चंबल सैंक्चुअरी के रेंजर कोटेश त्यागी ने बताया कि सर्दी अधिक होने से इस बार प्रवासी पक्षियों की संख्या बढ़ रही है। उनकी सुरक्षा के लिए पेट्रोलिंग और गश्त बढ़ाई गई है। हर वर्ष सर्दियों में ये पक्षी सुरक्षित ठिकानों की तलाश में यहां आते हैं। घड़ियाल और मगरमच्छों से इन्हें खतरा नहीं है। नदी में मछलियों के रूप में पर्याप्त भोजन उपलब्ध है।

 इन प्रजातियों के पक्षियों का होता है प्रवास

श्रेणी प्रमुख पक्षी प्रजातियां
रहवासी पक्षी  ब्लैक-बेलिड टर्न, रिवर लैपविंग, ब्लैक-नेक्ड स्टोर्क, सारस क्रेन, ग्रेट थिक-नी, एशियन वूलीनेक, नाब-बिल्ड डक, आस्प्रे, ओरिएंटल हनी-बजर्ड, ओरिएंटल डार्टर, वल्चर और यूरेशियन स्पूनबिल।
प्रवासी पक्षी डालमेशियन पेलिकन, कामन शेलडक, स्पाटेड रेडशैंक, मार्श सैंडपाइपर, मार्श हैरियर, गैडवाल, यूरेशियन विजन, पेरीग्रीन फाल्कन, ग्रेटर स्पाटेड ईगल, रूसी पेलिकन, रेड क्रेस्टेड पोचार्ड, बार हेडेड गूज, ग्रेलैग गूज और ग्रेटर फ्लेमिंगो।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।