सिंचाई के तुरंत बाद बेमौसम बारिश का कहर: आलू-सरसों डूबने से किसान परेशान, खेत से पानी निकालने में जुटे
शाहजहांपुर के पुवायां क्षेत्र में बेमौसम बारिश से आलू और सरसों की फसलें जलमग्न हो गई हैं, जिससे किसानों को ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
बैकहो लोडर से निकासी में जुटे किसान, फसल खराब होने की आशंका
संवाद सहयोगी, पुवायां (शाहजहांपुर)। बेमौसम बारिश उन किसानों के लिए फायदेमंद रही, जिन्होंने खेतों की सिंचाई नहीं की थी। लेकिन सिंचाई के कुछ ही दिन बाद बारिश होने से कई खेतों में जलभराव हो गया। आलू का बीज सड़ने और सरसों की फसल खराब होने की आशंका से किसान परेशान हैं।
शनिवार को किसानों ने बैकहो लोडर की मदद से नालियां खोदकर पानी निकालने का प्रयास किया। गंगसरा क्षेत्र के साथ उमरिया कल्याणपुर, नत्थापुर, तेंदुआ, गुटैया, सिरियाली फार्म, बिलसिया दौलतपुर, दिउरिया और पकड़िया हकीम गांवों में भी खेतों में पानी भरने की समस्या है।
उमरिया कल्याणपुर के किसान हरमैल सिंह और बलकार सिंह के करीब 80 एकड़, जसप्रीत सिंह के 23 एकड़, सुरेंद्र सिंह के 10 एकड़, चरनजीत सिंह के 80 एकड़ और नवनीत शुक्ला के चार एकड़ खेत में आलू की फसल प्रभावित हुई है।
बेहटा सनवात निवासी सुबोध कुमार के 15 एकड़ और बिलंदापुर के परमीत सिंह के 20 एकड़ खेत में भी आलू लगा है। प्रदीप और धर्मेंद्र के सरसों के खेतों में पानी भर गया है।
गुरजीत सिंह ने कहा कि सितंबर में हुई बारिश से धान की फसल को नुकसान पहुंचा था और अब आलू-सरसों पर संकट है। उन्होंने फसलों का सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग की। उनके मुताबिक, आलू की एक एकड़ में बोआई पर 50 हजार रुपये खर्च होते हैं।
पराली गलाने के लिए मल्चर पर 1,500 रुपये, पल्टा जुताई पर 1,500, रोटावेटर पर 2,000, लेवलर से समतलीकरण पर 1,000, चार बार हैरो जुताई पर 2,000, कल्टीवेटर पर 500 और बोआई मशीन पर 2,000 रुपये लगते हैं।
बीज पर 25 हजार और दवा पर 20 हजार रुपये खर्च होते हैं। मजदूरी अलग है। अमरीक सिंह ने बताया कि आलू के खेत में पानी भरने से बीज सड़ने का खतरा है। उन्होंने नाली बनाकर पानी निकालने की कोशिश की।
हरमैल सिंह ने कहा कि दोबारा बोआई के लिए बीज मिलना मुश्किल हो सकता है। कुलवीर सिंह के अनुसार, 80 एकड़ में बोए आलू का बीज सड़ने से उत्पादन घटने की आशंका है।
गुरजीत सिंह ने बताया कि 20 एकड़ में आलू लगाने पर 10 लाख रुपये खर्च किए थे और कच्चे आलू की बिक्री की उम्मीद थी, लेकिन बारिश से जमाव प्रभावित हो सकता है।
यह भी पढ़ें- खाद की किल्लत से मिलेगी राहत! यूपी के 10 जिलों में शुरू हुई ऑनलाइन बुकिंग, शाहजहांपुर बना नंबर 1
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।