Shahjahanpur के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी: जिले में खुलेंगे 2 नए सरकारी ITI, बढ़ेंगी 1000 सीटें!
शाहजहांपुर में युवाओं को तकनीकी शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे, क्योंकि ददरौल और निगोही में दो नए राजकीय आईटीआई खोलने की तैयारी है। इन संस्थानों से लगभग 1000 नई सीटें जुड़ेंगी, जिससे ग्रामीण युवाओं को घर के पास ही प्रशिक्षण मिल पाएगा और उनका खर्च भी कम होगा।

एआई इमेज
HighLights
एक हजार नई सीटें मिलने से युवाओं को मिलेंगे प्रशिक्षण के अधिक अवसर
संवाद सहयाेगी, राेजा (शाहजहांपुर)। जिले के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के लिए और अधिक अवसर मिलेंगे। ददरौल और निगोही में दो नए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) खोलने की तैयारी तेज हो गई है।
दोनों संस्थानों के लिए भूमि का निरीक्षण कर उपयुक्तता की रिपोर्ट प्रशिक्षण निदेशालय को भेज दी गई है। संस्थान शुरू होने पर करीब एक हजार युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण का अवसर मिलने की उम्मीद है।
ददरौल क्षेत्र में राजकीय पालीटेक्निक है। यहां पर ग्राम सफत्यारा में राजकीय आईटीआई की स्थापना के लिए नोडल अधिकारी राजकीय आईटीआई रोजा के प्रधानाचार्य अरविंद कुमार ने प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया। जिसकी रिपोर्ट प्रशिक्षण निदेशालय लखनऊ भेज दी।
निगोही के ग्राम चन्यौरा में दूसरा संस्थान स्थापित करने का प्रस्ताव है। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी शंकर सिंह ने अपने दिवंगत पिता पुत्तू सिंह की स्मृति में दान की गई भूमि पर पिता व माता के नाम से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खोलने का प्रस्ताव दिया था।
बरेली मंडल के संयुक्त निदेशक प्रशिक्षण भूमि का निरीक्षण कर चुके हैं। इसकी भी रिपोर्ट निदेशालय को भेजी जा चुकी है। सहमति मिलती है तो डीपीआर तैयार करके स्वीकृति के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
क्षेत्र में मिलेगा प्रशिक्षण, कम होगा खर्च
जनपद में 13 आईटीआई हैं जिनमें तीन राजकीय व नौ निजी आईटीआई शामिल हैं। जबकि एक पीपीपी माडल पर संचालित हो रही है। जिले में सरकारी और निजी संस्थानों को मिलाकर करीब 4200 आईटीआई सीटें हैं। इनमें लगभग 2100 सीटें सरकारी संस्थानों में हैं।
एक आईटीआई में कम से कम 12 ट्रेड और 320 से अधिक सीटें होती हैं। दोनों नए संस्थानों के प्रस्ताव स्वीकृत होने पर करीब 500-500 सीटें बढ़ने की उम्मीद है। दोनों आइटीआइ बनने से इन क्षेत्रों के युवाओं को प्रशिक्षण के लिए जिला मुख्यालय नहीं आना होगा।
दो नए प्रशिक्षण संस्थानों के खुलने से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को घर के पास ही तकनीकी प्रशिक्षण मिल सकेगा। अभी निगोही और तिलहर से प्रशिक्षणार्थियों को शहर आना पड़ता है। इससे समय व रुपये का अतिरिक्त व्यय होता है।
- अरविंद कुमार, नोडल अधिकारी, आईटीआई
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर के तिलहर में सात वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म, बीड़ी मंगवाने के बहाने बुलाया घर, तलाश में जुटी पुलिस