विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रील बनाने और देखने की लत ने बिगाड़े घर के हालात, मायके जा रहीं महिलाएं और थाने पहुंच रहे विवाद

Published: Thu, 19 Nov 2026 12:18 PM (IST)

रील बनाने और देखने की लत के कारण घरों में कलह बढ़ रही है, जिससे महिलाएं घर के काम छोड़ ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. लाइक व्यूज के चक्कर में शहर से लेकर गांव तक बढ़ती जा रही रीलबाजी की लत

अजयवीर सिंह, शाहजहांपुर। सुबह की चाय ठंडी हो रही है, रसोई में सब्जी जल रही है, बच्चा स्कूल के लिए रो रहा है और पत्नी... मोबाइल से रील बनाने या देखने में व्यस्त है। इस तरह की स्थिति अब बहुत से घरों में देखने को मिल रही है। पति ने टोका तो विवाद शुरू हो जाता है। रील के लिए घर का काम छूट रहा है और घर के काम के साथ ही रिश्तों में दरार भी पड़ रही है।

लाइक व्यूज के चक्कर में बच्चों की तरफ भी ठीक से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। परिवार परामर्श केंद्र पर मोबाइल देखने, रीलबाजी के चक्कर में रिश्तों में पड़ने वाली दरार से संबंधित हर माह आठ से 10 मामले पहुंच रहे हैं।

काउंसलर बताते हैं कि शुरुआत शौक से होती है। एक दो रील पर अच्छे व्यूज आते ही लत लग जाती है। पति, सास, ससुर ने अंकुश लगाने का प्रयास किया तो महिलाएं घर छोड़कर मायके चली जाती हैं।

परिवार परामर्श केंद्र_ केस रिपोर्ट

आखिर में मामला पुलिस से लेकर कचहरी तक पहुंच जाता है। परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी मधु यादव ने बताया कि काउंसलिंग के दौरान हर माह 10 से अधिक मामले सिर्फ मोबाइल पर अधिक समय देने वाले आ रहे हैं। महिलाओं को समझाने का प्रयास किया जाता है।

केस :- 1 : सिंधौली निवासी दंपती की शादी चार वर्ष पहले हुई थी। महिला नौ माह से अपने मायके में रह रही थी। मामला पुलिस तक पहुंचा तो दोनों को परिवार परामर्श केंद्र बुलाया गया।

युवक ने बताया कि पत्नी रील बनाती है। घर के कामों में ध्यान नहीं देती हैं और न ही उसकी बातों पर ध्यान देती है। जिस वजह से दोनों नौ माह से अलग रह रहे थे। रिश्ता भी टूटने की कगार पर पहुंच गया था। काउंसलिंग के बाद महिला ने अपनी गलती को स्वीकार किया।

केस :- 2 : कांट निवासी दंपती की शादी डेढ़ वर्ष पहले हुई थी। महिला मोबाइल पर रील अधिक देखती थी। अपनी मां से मोबाइल पर घंटों बात करती थी। जिस वजह से दंपती के बीच विवाद होने लगा।

पति ने अंकुश लगाने का प्रयास किया तो पत्नी घर छोड़कर मायके चली गई। रिश्तेदारों ने समझाने का प्रयास किया लेकिन निष्कर्ष नहीं निकला तो मामला पुलिस तक पहुंचां।

केस :- 3 : जैतीपुर निवासी दंपती की शादी करीब 10 माह पहले हुई थी। महिला शादी के कुछ दिन बाद ही रील बनाने लगी। पति को यह सब पसंद नहीं था। जिस वजह से आपत्ति की तो महिला ने पति की बात को मानने से इन्कार कर दिया।

जिस वजह से दोनों के बीच विवाद गया। महिला घर छोड़कर पांच माह से मायके में रह रही थी। धीरे-धीरे महिला को अपनी गलती का अहसास हुआ। रील न बनाने का भरोसा दिया तब वह वापस ससुराल पहुंचीं।

केस :- 4 : सदर निवासी युवक की शादी पुवायां निवासी महिला से दो वर्ष पहले हुई थी जो शादी से पहले रील बनाती थी। शादी के कुछ दिन बाद फिर रील बनाना शुरू कर दिया।

देर रात तक मोबाइल में व्यस्त रहना और सुबह देर से उठना आदत बन गई। जबकि पति, सास ससुर को यह सब पसंद नहीं था। करीब सात माह तक महिला पति से दूर रही। मामला पुलिस तक पहुंचा। जिसके बाद निस्तारण कराया गया।

यह भी पढ़ें- सड़कों पर 'कट' मारने वाले ड्राइविंग सेंटर में फेल! शाहजहांपुर में आधे से ज्यादा आवेदक नहीं बना पा रहे लाइसेंस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।