विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेटे को जन्म देने के चंद घंटे बाद मां की मौत, 8 घंटे तक एंबुलेंस में शव रखकर बिलखते रहे स्वजन; अस्पताल सील

Published: Sat, 14 Nov 2026 07:17 PM (GMT+05:30)

शाहजहांपुर के मदनापुर में बेटे को जन्म देने के बाद एक महिला की मृत्यु हो गई। परिजनों ने अस्पताल पर ...और पढ़ें

अस्पताल में शीतल की मृत्यु के बाद बिलखते स्वजन और सील किया गया अस्पताल जागरण

अस्पताल में शीतल की मृत्यु के बाद बिलखते स्वजन और सील किया गया अस्पताल जागरण

HighLights

  1. साढ़े आठ घंटे बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल सील किया, तब शांत हुए स्वजन

संवाद सूत्र, मदनापुर (शाहजहांपुर)। बेटे को जन्म देने के बाद महिला की मृत्यु हो गई। स्वजन ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि शिकायत सुनने के बजाय अस्पताल संचालक और स्टाफ वहां से चले गए। इससे नाराज परिवार ने अस्पताल परिसर में एंबुलेंस के भीतर शव रखकर साढ़े आठ घंटे तक विरोध किया। शाम को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल सील किया, जिसके बाद स्वजन शांत हुए।

ढुकुरी कला गांव निवासी अजय सिंह ने बताया कि शुक्रवार को प्रसव पीड़ा होने पर उनकी पत्नी शीतल को जीवन अनमोल हास्पिटल में भर्ती कराया गया था। उनके अनुसार, भर्ती के समय शीतल की हालत ठीक थी और करीब दो घंटे बाद सामान्य प्रसव से स्वस्थ बेटे का जन्म हुआ।

रात में बरेली के ब्लड बैंक से खून मंगवाकर शीतल को चढ़ाया गया। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। अजय और उनकी बहन अर्चना के मुताबिक, शीतल का उपचार करने के बजाय उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने को कहा गया।

14SHN_11_14112026_474

शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे अस्पताल में ही शीतल की मृत्यु हो गई। स्वजन ने आरोप लगाया कि उनकी बात सुनने के बजाय अस्पताल संचालक और कर्मचारी वहां से चले गए।

इसके बाद उन्होंने शव एंबुलेंस में रखकर नारेबाजी की और कहा कि कार्रवाई होने तक वे वहां से नहीं जाएंगे। शाम साढ़े चार बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। संचालक के नहीं मिलने पर अस्पताल सील कर दिया गया।

प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश ने भी जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अजय ने बताया कि उनकी शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी। उनका तीन वर्षीय बेटा शिवांश सिंह है।

इधर, अस्पताल संचालक डाक्टर अजय मिश्रा ने बताया कि शीतल को शुक्रवार सुबह उनके स्वजन अस्पताल लेकर आए थे। उनके अनुसार, दोपहर डेढ़ बजे सामान्य प्रसव से बेटे का जन्म हुआ।

शीतल में खून की कमी थी और स्वजन को पहले ही दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई थी। उन्होंने कहा कि शनिवार सुबह रेफर करने के बाद बरेली ले जाते समय शीतल की मृत्यु हुई।

परिवार वाले सुबह आठ बजे शव अस्पताल लाए और हंगामा शुरू किया। सीएमओ डाॅक्टर विवेक मिश्रा ने बताया कि अस्पताल पंजीकृत है। विभागीय जांच के दौरान अभिलेख और साक्ष्यों से छेड़छाड़ रोकने को उसे सील कराया है। अस्पताल में भर्ती अन्य मरीज भी जा चुके थे।

यह भी पढ़ें- सड़कों पर 'कट' मारने वाले ड्राइविंग सेंटर में फेल! शाहजहांपुर में आधे से ज्यादा आवेदक नहीं बना पा रहे लाइसेंस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।