शाहजहांपुर में कारोबारी ने बिजली के तार से पत्नी का गला घोंटकर मार डाला, बेटी ने भागकर बचाई जान
शाहजहांपुर में एक इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी ने पारिवारिक कलह के चलते अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी ने पत्नी की गला दबाकर हत्या की।
बेटी को भी जान से मारने का प्रयास, अस्पताल में भर्ती।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया, उसने जुर्म कबूला।
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी ने पारिवारिक कलह में पत्नी की तार से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद बेटी को भी जान से मारने का प्रयास किया।
हालांकि बेटी बच गई और उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। उसने घटना को अंजाम देना भी स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि वह खुद भी आत्महत्या करना चाहता था। हालांकि अभी इसका ठोस कारण सामने नहीं आया है। कर्ज से परेशान होकर इस तरह का कदम उठाने की बात सामने आ रही है।
पहले पत्नी की हत्या की
रोजा के आदर्श नगर कॉलोनी में इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी कमलेश कुमार गुप्ता ने पत्नी सीमा देवी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद छोटी बेटी नैंसी को पानी पिलाने के बहाने कमरे में बुलाकर उसका भी गला दबाने का प्रयास किया।
बड़ी बेटी कोमल ने खुद को दूसरे कमरे में बंद कर लिया। उसने फोन करके नीचे के कमरे में रह रहे अपने चाचा राजीव को घटना के बारे में बताया तो वह मौके पर पहुंचे।
इसके बाद आरोपी ने खुद को कमरे में बंधक कर फंदे से लटककर जान देने का प्रयास किया, लेकिन स्वजन ने दरवाजा तोड़कर उसे बचा लिया।
आरोपी ने जुर्म स्वीकार कर लिया
कमलेश की बल्लिया मार्ग पर इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। वह अपने छोटे भाई राजीव के साथ एक ही मकान में रहता है। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि आरोपी ने घटना को अंजाम देने की बात को स्वीकार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, लेकिन वह सिर्फ इतना बता रहा है कि वह जिंदा नहीं रहना चाहता। जांचकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।