शाहजहांपुर में एक ही पेड़ की डाल पर दुपट्टे से लटकी मिलीं दो किशोरियां, गांव में मचा कोहराम
शाहजहांपुर में सुबह टहलने निकलीं दो किशोरियां एक जामुन के पेड़ की डाल पर दुपट्टे के फंदे से लटकी मिलीं। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
शाहजहांपुर में दो किशोरियां पेड़ से लटकी मिलीं।
पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मान रही है।
आत्महत्या का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया।
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। घर से टहलने निकलीं दो किशोरियों के शव जामुन के पेड़ की एक ही डाल पर अलग अलग दुपट्टे के फंदे से लटके मिले। स्वजन ने रंजिश से इन्कार किया है। पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है, लेकिन ऐसा कदम उठाने के पीछे फिलहाल कोई कारण सामने नहीं आया है।
निगोही के हर्रेया गांव निवासी
किरन अपनी सहेली नैना के साथ रोज सुबह टहलने जाती थी। सोमवार को भी दोनों घर से निकलीं थीं। काफी देर तक वापस न आने पर स्वजन को चिंता हुई तो गांव में ढूंढने लगे, इस बीच खेत पर गए ग्रामीणों ने गांव के बाहर शिवकुमार के खेत में लगे जामुन के पेड़ की 10 फीट ऊंची डाल पर दोनों के शव लटके देखे।
किरन के पिता संतोष व मां सुमन दिल्ली में मजदूरी करते हैं। दोनों दीपावली पर घर नहीं आए थे। वह यहां दादी कलावती, छोटे भाई रवि और बहन दीपा के साथ रहती थी। वहीं नैना के पिता धर्मेंद्र पंजाब में कंबाइन चलाते हैं। वह भी त्योहार पर घर नहीं आ सके थे। मां उर्मिला ने बताया कि उनकी बेटी की किरन से कई वर्षों से मित्रता थी। दोनों पढ़ाई नहीं करती थीं। किसी से कोई रंजिश भी नहीं है।
बेटी पूजा करके रात 12 बजे सोयी थी। तब तक पूरी तरह सामान्य थी। वहीं रवि ने भी बताया कि रात तक घर मे सबकुछ सामान्य था। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या लग रही है, लेकिन दोनों ने यह कदम क्यों उठाया इसके पीछे अभी कोई खास वजह सामने नहीं आ पा रही है। दोनों के मोबाइल पर प्राइवेसी लॉक लगा है। साइबर टीम की मदद ली जा रही है। जांच व स्वजन से पूछताछ में स्थिति स्पष्ट होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।