विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

6.49 लाख की लूट का दावा निकला फर्जी: बैग में कागज भरकर फेंका, कंपनी के पैसों से खरीद लिया था प्लाट

Published: Fri, 20 Nov 2026 12:05 AM (IST)

शाहजहांपुर में एक अभिकर्ता ने कंपनी के 6.49 लाख रुपये हड़पने के लिए खुद की लूट की झूठी कहानी गढ़ी। पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से उसका झूठ सामने आया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. सीसीटीवी फुटेज से खुल गया राज, आरोपित बोला कंपनी के रुपये से खरीद लिया था प्लाट

जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। कंपनी के रुपये हड़पने के लिए अभिकर्ता ने छह लाख 49 हजार रुपये की लूट होने की सूचना पुलिस को दे दी। शहर में सरेराह लूट होने पर सीओ सदर के नेतृत्व में चार टीमें लगाई गई। सीसीटीवी फुटेज व लोगों से पूछताछ की गई तो पता चला कि अभिकर्ता ने बैग में कागज के टुकड़े रखकर लूट की साजिश रची है ताकि रुपये हड़प सके। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

शहर के हद्दफ मुहल्ला निवासी अयाज मोहम्मद स्पाइस मनी कंपनी में अभिकर्ता है। गुरुवार दोपहर में उसने पुलिस को सूचना दी कि वह स्पाइस मनी लिमिटेड कंपनी के छह लाख 49 हजार रुपये बैंक में जमा करने जा रहा था।

ककरा स्थित नगर निगम कार्यालय के पास बाइक सवार बदमाशों ने रुपये लूट लिए। पुलिसकर्मियों ने जब घटना स्थल के आस-पास के प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी खंगाले, दूसरी टीम को सर्विलांस और सीडीआर पर, तीसरी कंपनी के लेन-देन की पड़ताल में लगा दी गई।

जबकि चौथी टीम उसके घर के आसपास गोपनीय पूछताछ करने में जुट गई। जांच में सबसे पहले समय का गणित ही गड़बड़ निकला। अयाज घर से सुबह 10 बजकर आठ मिनट पर निकला और 10 बजकर 27 मिनट पर अंकित की दुकान पर पहुंचा था।

वहां से निकलने के बाद एक किमी दूर घटनास्थल तक पहुंचने में उसे 36 मिनट लग गए, जबकि सामान्य तौर पर यह दूरी चंद मिनट में तय हो जाती है। घटनास्थल के आसपास लगातार लोगों का आना-जाना भी हो रहा था, फिर भी किसी ने लूट होते नहीं देखा।

शक गहराया तो पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। कुछ देर बाद अयाज भी टूट गया और सच्चाई बता दी। उसने बताया कि कंपनी ने उसे काम के लिए पहले 10 लाख रुपये की ओवरड्राफ्ट लिमिट दी थी। बिजनेस कम देने पर कंपनी ने लिमिट घटाकर पांच लाख कर दी।

इसी बीच उसने कंपनी के रुपये से एक लाख 70 हजार रुपये में एक प्लाट खरीद लिया। लगातार 20-25 हजार रुपये के नुकसान से उस पर करीब पांच लाख रुपये का बोझ हो गया। कंपनी के कलेक्शन हेड लगातार रुपये जमा करने का दबाव बना रहे थे।

गुरुवार सुबह जब हेड ने ओवरड्राफ्ट खत्म करने और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी, तो अयाज ने लूट की झूठी कहानी रच डाली। वह घर से कागज के टुकड़ों से भरा खाली बैग लेकर निकला।

अंकित की दुकान पर जाकर उसने जानबूझकर बताया कि उसके पास छह लाख 49 लाख रुपये हैं। फिर ककरा पुल पर बैग झाड़ियों में फेंक दिया और सुनसान जगह पर जाकर जोर-जोर से रोने-चीखने लगा।

राहगीरों को लूट की बात बताकर उसने डायल 112 पर सूचना दे दी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से पिट्ठू बैग भी बरामद कर लिया। उसमें कागज, पैड, पेन आदि निकले।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: नेम प्लेट पर लिखा था 'वंदेमातरम' और 'भगत सिंह', इमाम ने ऐन वक्त पर निकाह पढ़ाने से किया इनकार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।