पठानकोट में तैनात सैनिक का वीडियो वायरल, बोला- 'दुर्घटना को हत्या बताकर जेल भिजवाने की साजिश'
शाहजहांपुर में सुधीर सिंह की मौत के मामले में नामजद सैनिक बबलू का वीडियो वायरल हुआ है। बबलू का दावा है कि यह एक दुर्घटना थी और उसे व उसके भाई को झूठे हत्या के आरोप में फंसाया जा रहा है।

सैनिक बबलू
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। खुदागंज के मझिला गांव में हुई सुधीर सिंह की हत्या के आरोप में नामजद सैनिक बबलू का शनिवार को इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें वह इस घटना में उन्हें व उनके भाई को झूठे आरोप में फंसाने की बात कह रहे हैं।
बबलू ने वीडियो में बताया कि वर्तमान में उनकी पठानकोट में तैनाती है। 26 अगस्त को भाई शिवशंकर की बेटी के नामकरण में शामिल होने वह गांव छुट्टी आए थे। इस दौरान सुधीर सिंह की बाइक से गिरकर मृत्यु हो गई।
आरोप लगाया कि सुधीर के परिवार वाले व कुछ अन्य लोग दबाव बनाकर उन्हें व उनके भाई को जेल भिजवाना चाहते हैं। परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है।
वीडियो के माध्यम से अपनी बात कहता सिपाही बबलू https://t.co/d9yhdbGCNK
— anshul saxena (@rudrasaxena) November 21, 2026
इस प्रकरण में बबूल के पिता चंद्रपाल मौर्या की ओर से भी एसपी को प्रार्थना पत्र दिया गया, जिसमें उन्होंने बताया कि 30 अगस्त को उनके बेटे शिवशंकर की बेटी का नामकरण संस्कार था।
इसमें शामिल होने बड़े बेटे बबलू भी आए थे। अगले दिन सुबह उन लोगों को पता चला कि सुधीर सिंह की मृत्यु हो गई है, लेकिन इस घटना में उनके दोनों बेटों व एक अन्य के साथ नामजद करा दिया गया।
चंद्रपाल ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि नहीं हुई। दोबारा जांच के लिए रिपोर्ट लखनऊ भेजी गई है। उन्होंने एसपी से जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: नेम प्लेट पर लिखा था 'वंदेमातरम' और 'भगत सिंह', इमाम ने ऐन वक्त पर निकाह पढ़ाने से किया इनकार