शाहजहांपुर में दुष्कर्म के आरोपी ने खुद को मृत साबित करने के लिए की नेत्रहीन की हत्या, शव के पास रखा अपना आधार कार्ड
दुष्कर्म के आरोपी विनोद ने जेल से बचने के लिए नेत्रहीन राजपाल की हत्या कर अपनी मौत का नाटक रचा।

आरोपित विनोद शर्मा
HighLights
दुष्कर्म आरोपी विनोद ने जेल से बचने को रचा षड्यंत्र।
नेत्रहीन राजपाल की हत्या कर अपनी मौत का नाटक किया।
शव के पास अपना आधार कार्ड रखकर पहचान बदली।
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। दुष्कर्म आरोपित विनोद ने जेल व सजा से बचने के लिए नेत्रहीन राजपाल की हत्या कर खुद को मृत साबित करने का खतरनाक षड्यंत्र रचा। उसने राजपाल का सिर काटकर नदी में फेंका, जबकि धड़ के पास अपने आधार कार्ड की प्रति रखी दी।
षड्यंत्र में शामिल उसकी पत्नी ने भी धड़ विनोद का बताकर अंतिम संस्कार कर दिया। यहां तक सबकुछ मंशा के अनुरूप हुआ कि पुलिस के रिकार्ड में विनोद मृत दर्ज हो जाएगा, मगर जांच में पोल खुल गई। सोमवार रात को पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद अब पुलिस विनोद की तलाश कर रही है।
सिउड़ी गांव निवासी विनोद शर्मा पर दुष्कर्म, मारपीट समेत कई प्राथमिकी दर्ज हैं। कुछ समय पहले वह जेल गया, मगर जमानत पर छूटने के बाद दोबारा कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ। उसके विरुद्ध कुर्की वारंट जारी हो चुका था। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही थी, इस कारण पत्नी पूजा व बेटा आदित्य दिल्ली चला गया।
17 नवंबर को गांव से कुछ दूर कुएं में एक युवक का धड़ मिला था। अगले दिन दिल्ली से लौटी पूजा ने धड़ के पैर में बंधे धागे का संदर्भ देकर पहचान विनोद के रूप में की। उसने ग्राम प्रशासक राजेश, उसके भाई योगेश, मुकेश, परिवार के शिवम, गौतम, नीरज, दिव्यांश, इंद्रपाल, जयचंद्र पर रंजिशन हत्या की प्राथमिकी दर्ज करा दी। उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्वजन ने जाम भी लगाया गया था।
विनोद का आपराधिक इतिहास होने के कारण पुलिस को पूजा की कहानी पर शक था। जांच में पता चला कि कुएं में मिला धड़ विनोद का नहीं, बल्कि नेत्रहीन राजपाल का था। पुलिस के अनुसार, जमानत पर छूटने के बाद विनोद खुद को तंत्र विद्या का जानकार बताने लगा था। उसने निगोही निवासी नेत्रहीन राजपाल को झांसे में लिया।
उनसे कहा कि आंखों की रोशनी वापस ला देगा। राजपाल उसके झांसे में आकर अक्सर उससे मिलने पहुंच जाते थे। उसने रात में गांव के बाहर राजपाल की गर्दन काटकर हत्या की। इसके बाद धड़ कुएं में, जबकि सिर अरिल नदी में फेंक दिया। धड़ के पास अपने आधार कार्ड की प्रति रख दी, ताकि पहचान विनोद के रूप में हो जाए।
शारीरिक बनावट व उम्र में अंतर
17 नवंबर को धड़ मिलने पर पुलिस ने ग्रामीणों को एकत्र किया था, ताकि शिनाख्त हो जाए। उस दिन विनोद के परिवार के लोग भी आए थे, मगर उन्होंने शिनाख्त नहीं की थी। अगले दिन पूजा ने कहा कि धड़ विनोद का है। पुलिस को इस दावे पर शक था, क्योंकि धड़ की बनावट व उम्र विनोद से मिलान नहीं कर रही थी। इसकी तह तक जाने के लिए पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की तो कड़ियां जुड़ती गईं।
एक टीम नेत्रहीन राजपाल के घर भी पहुंची। कुछ वर्ष पहले विवाद के दौरान पत्नी ने उनकी आंखों में मिर्च झोंक दी थी, तब से दिखना बंद हो गया था। वह आंखों की रोशनी वापस लाना चाहते थे, इस कारण विनोद के जाल में फंस गए। पुलिस ने विनोद के कुछ करीबियों को पकड़ा है, उनसे पूछताछ की जा रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।